पंजाब सीएम ने आप के नए पदाधिकारियों को चुनावों के लिए दी जिम्मेदारियां

KNEWS DESK…  पंजाब के सीएम भगवंत मान ने ‘आम आदमी पार्टी’ के नए पदाधिकारियों को आगामी चुनावों के लिए अभी से डटने के लिए आह्वान कर दिया है। ‘आम आदमी पार्टी’ के नव-नियुक्त राज्य महासचिव जगरुप सेखवां, वाइस प्रैजीडैंट जगदीप सिंह काका बराड़, ‘आप’ के यूथ विंग के राज्याध्यक्ष दविन्द्रजीत सिंह लाडी ढोस व मनजिंद्र सिंह कंग ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस अवसर पर जालंधर से लोकसभा के सदस्य सुशील कुमार रिंकू व अन्य भी लोग मौजूद थे।

भगवंत मान ने नए पदाधिकारियों से कहा कि आने वाले कुछ महीनों में कार्पोरेशनों तथा पंचायतों के चुनाव होने हैं। उसके बाद अगले वर्ष के शुरू में लोकसभा के आम चुनाव प्रस्तावित हैं इसलिए संगठन को मजबूती देते हुए अभी से कमर कसनी होगी। उन्होंने कहा कि सभी चुनाव सरकार तथा पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं जिसके चलते सभी पदाधिकारियों को सरकार द्वारा किए जा रहे कामों की जानकारी जनता तक पहुंचानी होगी। सीएम ने कहा कि जालंधर में जो सकारात्मक माहौल बना है उसे सभी को मिलकर आगे ले जाना है ताकि पार्टी कार्पोरेशन, पंचायतों के चुनावों के साथ-साथ लोकसभा के आम चुनावों में भी जीत हासिल कर सके।

सांसद सुशील रिंकू ने बताया कि भगवंत मान सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच में लेकर जा रहे हैं। सरकार ने जहां भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है वहीं दूसरी ओर आम जनता को मुफ्त बिजली का लाभ दिया है। जीरो बिजली बिल से आम जनता काफी राहत महसूस कर रही है। पार्टी महासचिव जगरूप सिंह सेखवां ने कहा कि जमीनी स्तर तक संगठन को मजबूती देने का अभियान जल्द शुरू कर दिया जाएगा और मान सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच में लेकर जाया जाएगा।

About Post Author