‘पापा गड्ढा खोद रहे हैं…’, मां से आखिरी बार बोली 19 साल की बेटी, फिर घर के पीछे मिली लाश

Amritsar Crime News: अमृतसर में एक पिता पर अपनी 19 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव को घर के पीछे दफनाने का आरोप लगा है. पुलिस ने JCB से खुदाई कर करीब 3 फीट नीचे से युवती का शव बरामद किया. वारदात के बाद से आरोपी पिता फरार है.

KNews Desk: पंजाब के अमृतसर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मत्तेवाल थाना क्षेत्र में एक पिता ने कथित तौर पर चरित्र पर शक के चलते अपनी 19 वर्षीय बेटी नवनीत कौर की हत्या कर दी. आरोप है कि हत्या के बाद शव को घर के पीछे करीब 3 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया. पुलिस ने JCB की मदद से खुदाई कर युवती का शव बरामद किया.

मृतका की मां सरबजीत कौर के मुताबिक, वह अपने पति के साथ लगातार होने वाले विवाद और पारिवारिक कलह से परेशान होकर 25 अगस्त को अपने मायके चली गई थीं. इसी दौरान 31 अगस्त को उनकी बेटी नवनीत ने उन्हें फोन किया था.

‘पापा गड्ढा खोद रहे हैं…’

मां के अनुसार, फोन पर नवनीत काफी घबराई हुई थी. उसने बताया कि उसके पिता घर के बाहर एक बड़ा गड्ढा खोद रहे हैं. इसके बाद अचानक बेटी से संपर्क टूट गया और उसका मोबाइल बंद आने लगा.

सरबजीत कौर ने जब अपने पति से बेटी के बारे में जानकारी मांगी तो उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. कथित तौर पर उसने कहा कि नवनीत को छह महीने के लिए कहीं बाहर भेज दिया गया है. पति के इस जवाब से मां को शक हुआ कि बेटी के साथ कुछ अनहोनी हुई है.

ताजी मिट्टी देखकर मां को हुआ शक

बुधवार को सरबजीत कौर मत्तेवाल स्थित अपने घर पहुंचीं. वहां उन्होंने उस स्थान को देखा, जहां बेटी ने गड्ढा खोदे जाने की बात फोन पर बताई थी. वहां ताजी मिट्टी देखकर उनका संदेह और गहरा हो गया.

इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध जगह पर JCB से खुदाई कराई. करीब 3 फीट नीचे खुदाई करने पर नवनीत कौर का शव बरामद हुआ. शव की हालत खराब हो चुकी थी. बेटी का शव देखकर मां बेसुध हो गईं.

बड़ी बेटी की लव मैरिज के बाद छोटी बेटी पर करने लगा था शक

मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बड़ी बेटी ने करीब आठ महीने पहले अपनी पसंद से शादी कर ली थी. इस घटना के बाद से ही उनके पति का व्यवहार काफी गुस्सैल हो गया था. आरोप है कि वह छोटी बेटी नवनीत पर भी किसी युवक के साथ प्रेम संबंध होने का शक करता था.

परिजनों का आरोप है कि इसी शक के चलते पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दी और वारदात छिपाने के लिए शव को घर के पीछे दफना दिया.

आरोपी पिता फरार, पुलिस कर रही तलाश

मत्तेवाल थाने के SHO दलजीत सिंह के मुताबिक, मृतका की मां के बयान के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है. वारदात के बाद से आरोपी पिता फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की हत्या किस तरीके से की गई थी.