कौशांबी में सिर कूंचकर युवक की बर्बर हत्या से चरवा में दहशत, खून से लथपथ मिला शव

रिपोर्ट – अनिरुद्ध पाण्डेय 

उत्तर प्रदेश – कौशांबी जिले में लाइन मैन की सिर कूंचकर हत्या कर दी गयी। रात भर घर नहीं आने पर परिवार के लोग खोजने निकले तो उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। लाइनमैन बीती रात 2 दोस्तों के साथ पंसौर गांव गया था। सुबह उसका शव मिला तो हड़कम्प मच गया। घटना के बाद से युवक के साथ गए दो दोस्त फरार हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आपको बता दें कि चरवा थाना क्षेत्र के पंसौर रोड पर शनिवार रात 37 वर्षीय जय सिंह की सिर कूंच कर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। जय सिंह मलाक नगर का निवासी था और अपने साथी के साथ पंसौर गांव गया था। जय सिंह रातभर घर नहीं लौटा, जिससे परिवार वाले चिंतित हो गए। सुबह पंसौर रोड पर लोगों ने खून से लथपथ उसका शव देखा और तुरंत स्वजनों को सूचना दी।  जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए।

जय सिंह के साथ गए दो साथी वारदात के बाद से फरार

सूचना पर चरवा पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि जय सिंह के सिर को कूंच कर उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। जय सिंह के साथ गए दोनों साथी वारदात के बाद से ही फरार हैं। पुलिस घर वालों और अन्य संभावित गवाहों से पूछताछ कर रही है। हत्या किस कारण से हुई अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है। इस बर्बर हत्या के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों को जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है। माना जा रहा है कि दोस्त के सामने आने के बाद हत्या के कारणों से पर्दा उठेगा। जय सिंह के परिजन शोक में डूबे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।

About Post Author