अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भगवान राम के 1008 स्वरूपों के साथ निकाली पद यात्रा, जगह-जगह पुष्प वर्षा कर किया गया सीताराम स्वरूपों का स्वागत

रिपोर्ट – ऋषिसेंगर

फर्रुखाबाद – राम जन्मभूमि अयोध्या में 22 जून को होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर शहर में मर्यादा पुरुषोत्तम राम की 1008 स्वरूपों के साथ पदयात्रा निकाली गई। स्वराज कुटीर से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के बस अड्डा, लाल सराय, घुमना, नेहरू रोड से होते हुए रेलवे रोड पर पहुंची। शोभा यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शोभा यात्रा के दौरान संघ के पदाधिकारी और भाजपा नेताओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया ।

हर व्यक्ति को इस समय राममय होने की जरूरत

इस मौके पर सांसद मुकेश राजपूत ने कहा की मर्यादा पुरुषोत्तम राम के विभिन्न स्वरूप हैं और आज पहली बार 1008 सीताराम स्वरूपों की शोभायात्रा निकल रही है। उन्होंने कहा हर व्यक्ति को इस समय राममय होने की जरूरत है। उन्होंने सपा की ओर इशारा करते हुए कहा कि राम किसी एक के नही राम सभी के हैं। जो लोग इस कार्यक्रम में भाग नही ले रहे उन्हें भी राममय हो जाना चाहिए।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले ही फर्रुखाबाद हुआ राममय

शोभायात्रा में चल रहे स्वरूपों की जगह-जगह आरती उतारी गई। जगह-जगह भगवान राम के स्वरूपों का पूजन किया गया। इस मौके पर संघ के नेता जितेंद्र सिंह राजावत ने कहा कि अयोध्या में होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले ही फर्रुखाबाद राममय हो गया है। जिले की सड़कों पर राम ही राम नजर आ रहे हैं। शोभा यात्रा में कही बनवासी राम,तो कहीं राजा राम ,तो कहीं सीता राम नजर आ रहे थे। भयंकर शीत लहर में निकाली गई पद यात्रा को देखने के लिए छतों और सड़कों पर भारी भीड़ रही। पद यात्रा में डीएस राठौर,भूदेव सिंह राजपूत,भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता के अलावा हजारों लोगों ने भाग लिया। मेला राम नगरिया से आकर संत महात्माओं ने भी भगवान राम के 1008 स्वरूपों के दर्शन किये।

About Post Author