ओम प्रकाश राजभर का सपा पर तीखा हमला, कहा-”अखिलेश यादव, शिवपाल यादव जल्द ही जाएंगे जेल…”

KNEWS DESK- सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर हमेशा अपने बेबाक बयानों के चलते सुर्खियों में रहते हैं| घोसी उपचुनाव में बीजेपी की हार के बाद उनपर सपा की तरफ से काफी निशाना साधा गया था| जिस पर अब राजभर ने चुप्पी तोड़ी है और अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रो राम गोपाल यादव और शिवपाल यादव पर लगे आरोपों की जल्द जांच होगी और जांच में दोषी पाए जाने के बाद ये लोग जेल जाएंगे|

ओम प्रकाश राजभर ने दावा करते हुए कहा कि खनन घोटाले में गायत्री प्रजापति के साथ अखिलेश यादव का भी नाम आया था| यही नहीं गोमती रिवर फ्रंट में सपा नेता रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव और अखिलेश यादव तीनों का नाम है| इन सभी पर लगे आरोपों की जांच होगी और अगर ये जांच में दोषी पाए गए तो जेल जाएंगे| उन्होंने सवाल किया कि यूपी के भूमाफिया को बचाने कि लिए योगी जी से कौन मिला था? राजभर ने कहा कि रामगोपाल यादव पर 100 से ज्यादा मुकदमे हैं, उन्हें बचाने के लिए वो खुलेआम सीएम योगी से मिलने गए थे| राजभर ने आरोप लगाया कि सपा के लोग झूठ बोलने में माहिर है| सीबीआई की जांच में रामगोपाल यादव के बेटे का भी नाम सामने आया था, तो बताइए कि वो कैसे बच गए, खुद को बचाने के लिए उन्होंने बीजेपी से सिफारिश की थी|

इसके पहले राजभर ने दारा सिंह चौहान और खुद को योगी सरकार में मंत्री बनाने का भी दावा किया था| घोसी में हार के बाद भी उन्होंने कहा कि वो सौ फीसद मंत्री बनने जा रहे हैं| मीडिया वालों ने जब उनसे सवाल किया कि क्या अब वो मंत्री बन पाएंगे, तो उन्होंने कहा कि क्यों मंत्री नहीं बनेंगे| एनडीए के मालिक विरोधी पार्टी वाले नहीं है| इसके मुखिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा हैं| उन्होंने आगे कहा कि एनडीए के लोग तय करेंगे कि कौन मंत्री बनेगा| जो लोग परेशान हैं, उनको कहिए कि वो दिल थाम कर बैठे, उनका कलेजा फट जाएगा और उनको हार्ट अटैक आ जाएगा| हम बिल्कुल मंत्री बनेंगे| सौ प्रतिशत मंत्री बनेंगे|

About Post Author