बायफ्रेंड से मिलने पहुंची पत्नी को पति ने बीच सड़क गोली मार उतारा मौत के घाट, फिर फेसबुक पर लाइव आकर बोला- अब दिल में सुकुन मिला

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति अरविंद परिहार ने अपनी पत्नी नंदिनी को सरेराह गोली मार दी और फिर फेसबुक पर लाइव आकर पूरी घटना पर सफाई देने लगा। आरोपी का यह वीडियो अब तक 1.65 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, नंदिनी अपने दो साथियों कल्लू और अंकुश के साथ रिक्शा से रेलवे स्टेशन जा रही थी। इसी दौरान आरोपी अरविंद ने दूसरा रिक्शा लेकर उसका पीछा किया और बीच रास्ते में रिक्शा रुकवाकर एक के बाद एक पांच गोलियां दाग दीं। नंदिनी मौके पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी, जबकि उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए।

फेसबुक लाइव पर सफाई

पत्नी को गोली मारने के बाद अरविंद ने फेसबुक पर 1 मिनट 34 सेकंड का लाइव वीडियो किया। इस दौरान वह घायल नंदिनी के पास बैठकर कहता रहा – “भाइयों, ये मेरी पत्नी है। इसके साथ बॉयफ्रेंड कल्लू और अंकुश थे, जो भाग गए। ये दोनों मिलकर मुझे ब्लैकमेल कर रहे थे। मेरी तीन एम्बुलेंस अपने नाम करवा ली और अब मकान मांग रहे हैं।

शादी के बाद से चल रहा था विवाद

जांच में सामने आया कि अरविंद और नंदिनी ने 2023 में आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था। नंदिनी को पता चला था कि अरविंद पहले से शादीशुदा है और उसकी एक गर्लफ्रेंड भी है। इस पर नंदिनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इससे पहले अरविंद ने नंदिनी को कार से कुचलने की कोशिश की थी, जिसके चलते उसे जेल भी जाना पड़ा था। करीब 3 महीने जेल में रहने के बाद दोनों अलग हो गए थे।

हाल ही में लगाई थी गुहार

बताया जा रहा है कि नंदिनी बीते मंगलवार को एसपी ऑफिस पहुंची थी और मीडिया के सामने कहा था कि उसका पति उसे परेशान कर रहा है, एआई से उसके अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल रहा है। लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिल सकी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब अरविंद को पकड़ने की कोशिश की तो उसने देसी कट्टा लहराकर पुलिस को चुनौती दी। हालांकि, पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू कर लिया। घायल नंदिनी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज कर ली है।