डिजिटल डेस्क- मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है। जैतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे कथित गांजा तस्करों की कार पलट गई, जिसके बाद भागते समय तीनों युवक कुएं में गिर गए और उनकी मौत हो गई। यह घटना सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कामता कॉलेज तिराहे के पास गश्त कर रही डायल-112 पुलिस टीम को सड़क किनारे एक दुर्घटनाग्रस्त कार दिखाई दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कार में कोई भी मौजूद नहीं था। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें से करीब 5 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तत्काल नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन रात के अंधेरे के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।
कुएं में शव देख ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
अगली सुबह स्थानीय किसानों ने पुलिस को सूचना दी कि उनके खेत में बने कुएं में तीन शव दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ ही समय में कुएं से तीनों शवों को बाहर निकाला गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में मृतकों की पहचान रोहित शर्मा, तनुज शुक्ला और सचिन सिंह बघेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित शर्मा क्षेत्र का कुख्यात तस्कर था और तीनों युवक गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे।
भागने के दौरान अनियंत्रित होकर कुएं में गिरी थी कार
प्रारंभिक जांच के अनुसार, देर रात गश्ती पुलिस को देखकर तीनों युवक घबरा गए और कार की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद घायल अवस्था में तीनों युवक पुलिस से बचने के लिए खेतों की ओर भागे। अंधेरे और घबराहट के चलते उन्हें सामने मौजूद कुआं दिखाई नहीं दिया और वे सीधे उसमें गिर गए। चोटिल होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। इस पूरे मामले पर एसडीओपी विकास पाण्डेय ने बताया कि कार से नशीला पदार्थ बरामद हुआ है और यह आशंका है कि आरोपी भागते समय कुएं में गिर गए। उन्होंने कहा कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।