कानपुर: आयकर विभाग ने मयूर ग्रुप के 35 ठिकानों पर की कार्रवाई, कानपुर के 20 और मध्य प्रदेश के 15 प्रतिष्ठानों पर की कार्रवाई

KNEWS DESK- कानपुर की बड़ी वनस्पति तेल कंपनी मयूर ग्रुप पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, कानपुर समेत यूपी में करीब 20 और मध्य प्रदेश के 15 ठिकानों पर कार्रवाई जारी है। इसमें 150 से अधिक अफसर कार्रवाई में शामिल हैं। गुरुवार सुबह 6 बजे टीमें पहुंच गईं। इसके बाद सभी परिसर सील कर दिए गए हैं।

2 दर्जन से अधिक आयकर अधिकारियों की टीमों ने की छापेमारी

सिविल लाइन स्थित मयूर ग्रुप की कोठी 5 मंजिला बेहद आलीशान बनाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, यहां 2 दर्जन से अधिक आयकर अधिकारियों की टीमें मौजूद हैं। आयकर अधिकारियों ने तब छापेमारी की है, जब कंपनी के दोनों डायरेक्टर इसी आलीशान कोठी में मौजूद हैं। बता दें कि मयूर ग्रुप वनस्पति तेल, फूड आइटम्स और पैकेजिंग का काम करते हैं।

रनियां क्षेत्र में मयूर ग्रुप की सबसे बड़ी फैक्ट्री

जानकारी के लिए आपको बता दें कि कानपुर देहात के रनियां क्षेत्र में मयूर ग्रुप की सबसे बड़ी फैक्ट्री है। मयूर ग्रुप ने फैक्ट्री के आसपास भी 1000 एकड़ से ज्यादा जमीनों की खरीद फरोख्त की है। वहीं आयकर सूत्रों के मुताबिक, कंपनी में बड़े पैमाने पर आयकर चोरी की जा रही थी। करीब 1 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का आयकर चोरी की बात फिलहाल सामने आ रही है। हालांकि अधिकारियों ने दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया हैं। रनियां स्थित फैक्ट्री में भी आयकर की टीम मौजूद हैं।

2019 में भी हो चुकी कार्रवाई

25 फरवरी 2019 को कोलकाता और लखनऊ की टीमों ने मयूर वनस्पति के निर्माता सुनील गुप्ता और सुरेश गुप्ता के सिविल लाइंस स्थित आवास पर संयुक्त रूप से छापा मारा था। इसमें पता चला था कि कारोबारी बांग्लादेश के रास्ते थाईलैंड से कच्चा माल (वनस्पति ऑयल) मंगाते थे। थाईलैंड से सीधे आयात पर टैक्स अधिक है, इसलिए इस रास्ते का इस्तेमाल किया जा रहा था। मामले में कंपनी के एक संचालक को गिरफ्तार भी किया गया था।

ये भी पढ़ें-    मनीष सिसोदिया की जमानत पर आज नहीं हुआ फैसला, अब 12 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई

About Post Author