अयोध्या जाने वाले भक्तों के लिए अच्छी खबर, भारतीय रेलवे ने 1000 स्पेशल ट्रेन चलाने की बनाई योजना

KNEWS DESK- अयोध्या 22 जनवरी को नवनिर्मित राम जन्मभूमि मंदिर के भव्य उद्घाटन के लिए तैयार है| इस दिन को और भी ज्यादा खास बनाने के लिए भारतीय रेलवे भक्तों के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से 1,000 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाने की प्लानिंग कर रहा है| इन ट्रेनों का संचालन 19 जनवरी से शुरू होगा और भव्य उद्घाटन के अगले 100 दिनों तक चलेगा ताकि सभी भक्त इस पवित्र शहर की यात्रा सक सकें| ये विशेष ट्रेनें तीर्थयात्रियों के लिए दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, पुणे, कोलकाता, नागपुर, लखनऊ और जम्मू सहित प्रमुख शहरों से अयोध्या तक चलेंगी|

जानकारी के अनुसार, मांग को देखते हुए भारी पैमाने पर ट्रेन चलाई जाएंगी| अधिक संख्या में आने वाले यात्रियों को देखते हुए अयोध्या स्टेशन को भी नया रूप दिया गया है| विशेष ट्रेनों के अलावा, रेलवे का खानपान और टिकटिंग विभाग भी उद्घाटन के इन 10-15 दिनों के दौरान चौबीसों घंटे यात्रियों के लिए सुविधा प्रदान करने की व्यवस्था कर रहा है|

अधिकारियों ने राम मंदिर के उद्घाटन के बाद भक्तों की मांग को पूरा करने के लिए कई फूड स्टॉल लगाने की भी प्लानिंग की है| अयोध्या रेलवे स्टेशन अब लगभग 50,000 व्यक्तियों की दैनिक आवाजाही को संभाल सकता है| यह 15 जनवरी तक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा| बता दें कि भगवान श्री राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के एक दिन बाद यानी 23 जनवरी से मंदिर के कपाट जनता के लिए खुले रहेंगे|

अयोध्या में भव्य राम मंदिर का काम इस साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है| मंदिर का उद्घाटन 22 जनवरी, 2024 को होगा| मंदिर परिसर में राम लला की मूर्ति स्थापित करने के समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी शामिल होंगे| जानकारी के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट अयोध्या राम मंदिर उद्घाटन के आसपास की व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार है| मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले भक्त 320 फीट की दूरी से भगवान रामलला के दर्शन कर सकेंगे|
उद्घाटन के दिन सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है| दर्शन के लिए भक्तों को चार पंक्तियों में व्यवस्थित किया जाएगा, एक दिन में डेढ़ से ढाई लाख लोग भगवान राम के दर्शन कर पाएंगे|

About Post Author