सो रहे 4 साल के दिव्यांग बेटे पर पिता ने बरसाए हथौड़े, मौत; जबलपुर की घटना से गांव में पसरा मातम

Jabalpur Father Son Murder: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक पिता पर अपने चार साल के दिव्यांग बेटे की हथौड़े से हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

KNews Desk: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के बसेड़ी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 4 साल के दिव्यांग बच्चे की उसके पिता ने कथित तौर पर हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी. घटना के वक्त मासूम घर के अंदर फर्श पर सो रहा था. बच्चे की मौत के बाद गांव में मातम का माहौल है.

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच चार वर्षीय प्रेम सिंह घर के अंदर खेल रहा था. खेलते-खेलते वह फर्श पर सो गया. इसी दौरान उसके पिता तुलसीराम लोधी ने पास में रखा हथौड़ा उठाया और बच्चे पर हमला कर दिया. आरोप है कि उसने बच्चे के सिर और हाथ पर कई वार किए. एक वार उसकी दाहिनी आंख के ऊपर भी लगा. गंभीर चोटों के चलते मासूम की मौके पर ही मौत हो गई.

लंबे समय से चल रहा था पिता का इलाज

परिजनों और गांव के सरपंच भूरा पटेल के मुताबिक, 30 वर्षीय तुलसीराम लोधी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका लंबे समय से इलाज चल रहा है. एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि आरोपी का करीब 18 वर्षों से इलाज जारी था. तुलसीराम गांव में समोसे की दुकान चलाता है और परिवार के साथ रहता है.

बताया गया है कि घटना से करीब आठ दिन पहले भी उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. उस दौरान उसने घर में हंगामा करने के साथ परिजनों से गाली-गलौज की थी. परिवार के लोग उसे इलाज के लिए जबलपुर भी लेकर गए थे. पिछले कुछ दिनों से उसका व्यवहार काफी उग्र बताया जा रहा था और वह आए दिन विवाद करता था.

वारदात से पहले पत्नी और बच्चों से की मारपीट

परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन तुलसीराम सुबह से ही पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट कर रहा था. इसी दौरान दोपहर में जब उसका चार वर्षीय बेटा प्रेम सिंह सो रहा था, तब उसने कथित तौर पर हथौड़े से उस पर हमला कर दिया. मृतक बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग था.

घटना की जानकारी आरोपी के पिता तरवर सिंह लोधी ने बेलखेड़ा थाना पुलिस को दी. उन्होंने पुलिस को बताया कि तुलसीराम ने अपने बीमार और दिव्यांग बेटे पर हथौड़े से जानलेवा हमला किया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पिता हिरासत में, पुलिस कर रही जांच

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका लंबे समय से इलाज चल रहा है. पुलिस ने तुलसीराम को हिरासत में ले लिया है. मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *