रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, दिल्ली के हर स्कूल में बनेंगे मेडिकल रूम

Knews Desk– दिल्ली सरकार ने स्कूलों में छात्रों की सुविधाओं, स्वास्थ्य और स्वच्छता को बेहतर बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

सरकार ने घोषणा की है कि राजधानी के सभी सरकारी स्कूलों में स्वच्छ और सुव्यवस्थित शौचालय सुनिश्चित किए जाएंगे। इसके साथ ही छात्रों के बीच नियमित हाइजीन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि वे साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी आदतों के प्रति जागरूक हो सकें।

छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में मासिक धर्म जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत लड़के और लड़कियों दोनों को मासिक धर्म से जुड़ी सही जानकारी दी जाएगी। सभी स्कूलों में “मेनस्ट्रुएशन कॉर्नर” बनाए जाएंगे, जहां सैनिटरी नैपकिन, इनरवियर और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध होगी। साथ ही वॉशरूम में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाने की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी। दिल्ली सरकार ने सभी स्कूलों में मेडिकल रूम स्थापित करने का फैसला किया है, ताकि छात्रों को जरूरत पड़ने पर तुरंत प्राथमिक चिकित्सा सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने एचपीवी वैक्सीनेशन का स्कूलवार डेटा एकत्र करने और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की “हौसलों की उड़ान” कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

अभिभावकों और छात्रों की शिकायतों तथा सुझावों को सीधे सरकार तक पहुंचाने के लिए जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा। इस नंबर को स्कूलों के मुख्य द्वार और परिसर में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके अलावा सभी स्कूलों में आरओ वाटर कूलर लगाए जाएंगे ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 5 जून से अगस्त तक बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। सरकार ने स्कूल भवनों की सफेदी, मरम्मत और अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुधार पर भी विशेष जोर देने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *