वडोदरा में सोनी परिवार की मौत: 35 लाख का कर्ज, कारोबार में घाटा और बेटी की एक लाख बार ‘राम’ लिखने की कहानी

Knews Desk- गुजरात के वडोदरा शहर के मांडवी इलाके में स्थित दला पटेल की पोल के एक घर में 50 वर्षीय आरतीबेन सोनी, उनके 24 वर्षीय बेटे नीलकंठ सोनी और 22 वर्षीय बेटी झलक उर्फ जेनी सोनी के शव फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ। इनमें दो पन्ने आरतीबेन ने और एक पन्ना उनकी बेटी झलक ने लिखा था। नोट में परिवार की आर्थिक परेशानियों और कारोबार में हो रहे नुकसान से जुड़ी जानकारियां सामने आईं।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, सोनी परिवार ने करीब डेढ़ से दो साल पहले ओल्ड पादरा रोड पर ‘जेप्स हेल्थ केयर’ नाम से आयुर्वेदिक अस्पताल और क्लिनिक शुरू किया था। हालांकि, कारोबार उम्मीद के मुताबिक नहीं चल पाया और लगातार घाटा होने लगा। धीरे-धीरे परिवार पर लगभग 33 से 35 लाख रुपये का कर्ज हो गया। आर्थिक स्थिति बिगड़ने के कारण परिवार को अपना मकान तक बेचना पड़ा। इसके बावजूद उनकी परेशानियां कम नहीं हुईं। परिवार की कार की दो महीने की किस्तें भी बकाया थीं।कारोबार को दोबारा पटरी पर लाने और आर्थिक संकट से बाहर निकलने की उम्मीद में परिवार ने कई प्रयास किए। सुसाइड नोट में सामने आई जानकारी के मुताबिक, बेटी झलक ने अपने परिवार के हेल्थकेयर कारोबार के ठीक से चलने की कामना करते हुए एक लाख बार ‘श्री राम’ नाम लिखा था। परिवार को उम्मीद थी कि उनकी परिस्थितियां सुधरेंगी, लेकिन आर्थिक दबाव लगातार बना रहा।

जांच में यह भी सामने आया कि आरतीबेन सोनी पहले ही कई पारिवारिक दुखों से गुजर चुकी थीं। पति, माता-पिता और भाई की असमय मौत के बाद वह गहरे मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थीं। पति के निधन के बाद परिवार और कारोबार की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर आ गई थी। एक तरफ परिवार को संभालने की जिम्मेदारी थी, तो दूसरी तरफ कारोबार में घाटा और कर्ज का बढ़ता बोझ उनकी परेशानियों को बढ़ा रहा था।मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी जी. बी. बभनिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीनों की मौत का प्राथमिक कारण फांसी बताया गया है। हालांकि, मामले के दूसरे पहलुओं की जांच के लिए विसरा सैंपल फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजे गए हैं। पुलिस ने मृतकों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं।सुसाइड नोट में जिन वित्तीय लेन-देन और व्यक्तियों का जिक्र किया गया है, पुलिस उनकी भी जांच कर रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि परिवार की आर्थिक स्थिति, कारोबार से जुड़े लेन-देन और घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जाए। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *