कानपुर में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, रामादेवी चौराहे पर हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

KNEWS DESK – कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के रामादेवी चौराहे पर शुक्रवार को राजनीतिक प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं से उनकी तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की और हंगामे में बदल गई।

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कथित विवादित बयान के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी विरोध शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी और बहस के बाद स्थिति बिगड़ गई।

तख्तियां जलाने का आरोप

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके हाथों में मौजूद विरोध की तख्तियां छीन लीं और उन्हें आग के हवाले कर दिया। घटना के दौरान दोनों दलों के समर्थकों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा।

मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को शांत कराया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर चकेरी थाने भेज दिया।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को मौके से ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ कार्रवाई की गई, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हंगामे पर कोई कदम नहीं उठाया गया।

वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *