छत्तीसगढ़: नितिन नबीन ने कहा- ‘महिलाओं के उत्पीड़न पर खामोश क्यों हैं प्रियंका गांधी…’

रिपोर्ट:विकास गुप्ता

सूरजपुर- कांग्रेस प्रवक्ता राधिका खेड़ा द्वारा अपनी ही पार्टी के नेताओं के ऊपर लगाए गए उत्पीड़न के मामले पर अब भाजपा ने निशाना साधा है| बिहार सरकार में मंत्री तथा छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी नितिन नबीन ने सूरजपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न पर प्रियंका गांधी की ख़ामोशी सवाल पैदा करती है|

उन्होंने कहा- उनकी अपनी ही पार्टी में महिलाओं के साथ कैसे अन्याय हो रहा है, यह सबके सामने है| इसके बाद भी वह चुप हैं| इसी तरह कांग्रेस शासित राज्यों में महिलाओं पर अत्याचार पर उनका दोहरा रवैया रहा है| इससे पहले भी छत्तीसगढ़ और अन्य जगह कांग्रेस पार्टी के अधिवेशन तथा बैठकों में महिलाओं के साथ प्रताड़ना के मामले आए हैं|

नितिन नबीन ने कहा, क्या यही महिलाओं के लिए कांग्रेस का न्याय है| लोकसभा चुनाव में जनता और विशेष रूप से मातृशक्ति कांग्रेस को कड़ा सबक सिखाएगी| पत्रकारों से चर्चा करते हुए नबीन ने कहा-  कांग्रेस और उसके नेताओं ने हमेशा सनातन का अपमान किया| यह कभी राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते हैं तो कभी रावण का गुणगान करते हैं| ऐसा मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए किया जाता है|

उन्होंने कहा, तेलंगाना में मुस्लिम आरक्षण के लिए दलित और ओबीसी आरक्षण को कांग्रेस खत्म करने का काम कर रही है| संविधान और आरक्षण को कांग्रेस खत्म करना चाहती है| भाजपा भारतीय संस्कृति पर होने वाले हर आघात का प्रतिकार करेगी|

About Post Author