बाराबंकी: दामाद के निधन की खबर सुनते ही कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पहुंचे रामनगर, अंतिम संस्कार में कई राजघराने हुए शामिल

रिपोर्ट- मो0 रज़ी सिद्दीकी  

KNEWS DESK-  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के दामाद और बाराबंकी की रामनगर (धमेड़ी) स्टेट के राजा व समाजसेवी कुंवर रत्नाकर सिंह का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया| मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह की बड़ी बेटी से राजा रत्नाकर सिंह की शादी हुई थी| दामाद के निधन की सूचना मिलते ही दिग्विजय सिंह अपने सारे चुनावी कार्यक्रम कैंसिल करके रामनगर पहुंचे| राजा के अंतिम संस्कार में पूर्व सांसद पीएल पुनिया, बीजेपी की वर्तमान प्रत्याशी राजरानी रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप समेत कई राज्यों के जाने-माने दिग्गज नेता और कई राज घराने पहुंचे|

दरअसल, रामनगर (धमेड़ी) स्टेट के राजा और समाजसेवी कुंवर रत्नाकर सिंह का लंबी बीमारी के इलाज के दौरान निधन हो गया| उनका दाह संस्कार पैतृक नगर रामनगर में किया जा रहा है| वहीं राजा रत्नाकर सिंह के निधन की खबर सुनकर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है| रामनगर स्टेट में जनता आखिरी दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को रखा गया है| जहां लोग पहुंच रहे हैं| राजा रत्नाकर सिंह की मृत्यु से जनमानस को बड़ा ही आघात पहुंचा है| क्षेत्र में सभी लोग उनके आखिरी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं|

आपको बता दें कि राजकुमार रत्नाकर सिंह बहुत ही सरल स्वभाव व सज्जन व्यक्ति थे| वह गरीबों की मदद के लिए हर समय तैयार रहते थे| रामनगर में दशहरे से लेकर अनेक कार्यक्रमों में भाग लेते थे| नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस के प्रदेश सचिव रहकर गांव से लेकर देश के हित में उन्होंने अनेक कार्य किये, जिनकी प्रशंसा लोग आज भी करते हैं| रामनगर स्टेट के राजघराने का परिवार नगर पंचायत के निवासियों के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलता था| नगर के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक इस परिवार के लोगों की प्रशंसा करते हैं| क्योंकि इस परिवार ने क्षेत्र में कभी किसी का नुकसान नहीं होने दिया| आज भी इन्हीं के परिवार के द्वारा बहुत बड़ी बाजार लगवाई जाती है| इस बाजार में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से भी काफी संख्या में लोग अपने सामान को बेचने व खरीदारी करने आते हैं|

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.