अखिलेश यादव का कांग्रेस पर निशाना, कहा- ‘आज ये भी जातीय जनगणना की मांग कर रहे…’

KNEWS DESK- लोकसभा चुनाव से पहले जातीय जनगणना को लेकर सियासत गरमाई हुई है| सभी विपक्षी दल जातीय जनगणना कराए जाने की मांग कर रहे हैं| इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी आवाज उठा रहे हैं| वहीं अब सपा नेता अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- ये चमत्कार है कि आज कांग्रेस भी इसकी मांग कर रही है|

अखिलेश यादव ने कहा कि जातीय जनगणना को लेकर तो कांग्रेस पार्टी अब मुखर हुई है, ये वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने जातीय जनगणना के आंकड़े नहीं दिए| जातीय जनगणना नहीं होने दी, ये चमत्कार है, क्योंकि सबको एहसास हो गया है जब तक पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक भाईयों को साथ नहीं लिया तो आप कामयाब नहीं होंगे| प्रधानमंत्री खुद यही कहते हैं, हम पिछड़े हैं|

सपा नेता ने कहा- अब अगर पिछड़े, दलित और आदिवासी भी जातीय जनगणना मांग रहे हैं तो इसमें क्या बात है| ये तो चमत्कार इसलिए है कि कांग्रेस पार्टी भी इस चमत्कार में आ गई है| उन्हें भी जातीय जनगणना चाहिए| क्योंकि उन्हें पता है कि जो वोट वो ढूंढते रहे थे वो तो अब उनके साथ ही नहीं है|

सपा और कांग्रेस के बीच ये रार मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद से बढ़ी हुई है| एमपी में कांग्रेस ने सपा को एक भी सीट नहीं दी है| इसके बाद से ही ये वार-पलटवार का सिलसिला जारी हुआ| अखिलेश यादव ने तो कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप लगाया है| उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनके साथ जैसा व्यवहार मध्य प्रदेश में किया है, वैसा ही व्यवहार उन्हें यूपी में भी देखने को मिलेगा, क्योंकि वहां पर सपा विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी है|

About Post Author