KNEWS DESK- राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव के पास चलती कार में अचानक आग लग गई, जिसमें सवार चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में दो पूर्व सरपंच और एक जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई जब श्रीरामपुरा गांव निवासी पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी अपनी मां और जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को सीने में दर्द की शिकायत के चलते अस्पताल लेकर जा रहे थे। कार में उनके साथ उनकी पत्नी पूर्व सरपंच सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा भी मौजूद थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रास्ते में अचानक कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षणों में वाहन आग की लपटों में घिर गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला।
देखते ही देखते पूरी कार आग का गोला बन गई और उसमें बैठे रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में जिला परिषद सदस्य पूसी देवी गंभीर रूप से झुलस गई थीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें कार से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस हादसे में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही बोराड़ा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अगरवाला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद श्रीरामपुरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।