उत्तराखंड डेस्क रिपोर्ट, उत्तराखंड राज्य के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर नए दावों और आरोपों ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। मामले में मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की एंट्री के बाद अब इस प्रकरण को लेकर बहस तेज हो गई है। हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विनोद आर्य पहली बार मीडिया के सामने आए। इस दौरान उन्होंने अपने अधिवक्ता अमित पुंडीर के साथ करीब चार हजार पन्नों की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक करते हुए कई चौंकाने वाले दावे किए। विनोद आर्य का कहना है कि सार्वजनिक की गई चैट में न तो उनके बेटे पुलकित आर्य का नाम है और न ही किसी वीआईपी का कोई जिक्र मिलता है। उन्होंने इस दौरान अंकिता के माता-पिता और उसके दोस्त पर भी गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि अंकिता को प्रताड़ित किया जा रहा था। इतना ही नहीं, विनोद आर्य ने अंकिता की हत्या के बजाय आत्महत्या होने का दावा करते हुए पूरे मामले की नए सिरे से जांच कराने की मांग उठाई है। वही मामले में सामने आ रहे बयानों और कथित व्हाट्सएप चैट के बाद अब कांग्रेस ने भी आक्रामक रुख अपना लिया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने इस पूरे मामले में सीबीआई जांच जल्द पूरी करने के साथ ही विनोद आर्य की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई है। तो वही महिला मोर्चा ने प्रदर्शन कर विनोद आर्य के बयानों की निंदा की है। इस सबके बाद इस मामले ने एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। हरिद्वार में पहाड़ी महासभा भी विनोद आर्य के खिलाफ पुलिस में शिकायत दे चुकी है। ऐसे में अब अंकिता हत्याकांड में वीआईपी की कथित भूमिका की जांच के साथ साथ अंकिता की निजी बातचीत सार्वजनिक किए जाने का मुद्दा भी चर्चा के केंद्र में आ गया है। जिसके बाद सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सियासी सुर्खियों में है। मामले में नया मोड़ तब आया, जब जेल में बंद मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता और उसके एक दोस्त के बीच हुई कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक कर दी। कांग्रेस ने चैट सार्वजनिक होने के पीछे भाजपा की साजिश होने का आरोप लगाया है, तो भाजपा ने इसे पुलकित आर्य के पिता का निजी बयान बताते हुए पूरे मामले से दूरी बना ली है। दरअसल, पुलकित आर्य के पिता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता और उसके एक दोस्त के बीच हुई कथित व्हाट्सएप बातचीत सार्वजनिक की। इस चैट को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वही पूर्व कैबिनेट मंत्री ने विनोद आर्य की गिरफ्तारी और सीबीआई जांच तत्काल जल्दी पूरी होने की मांग की है। यही नहीं बल्कि उनका मानना है कि चार साल पहले जिस बेटी की हत्या हुई आज उसकी चरित्र हनन और चरित्र की हत्या करने की कोशिश जिस भी व्यक्ति ने की है, उसके खिलाफ दंडनीय अपराधों की धाराओं में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो, उसको जेल भेजा जाए, उसके खिलाफ कार्यवाही की जाए, और अगर भाजपा सरकार नहीं करेगी, तो कांग्रेस ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने से पीछे नहीं हटेगी। वहीं भाजपा ने इस विवाद से खुद को अलग कर लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुलकित आर्य के पिता के बयान को उनका निजी मामला बताया। उनका कहना है कि सरकार ने अपना काम किया है और दोषियों को उनके किए की सजा दिलाई है। मामले के दोषी जेल में बंद हैं। अब मामले में नया मोड़ आने के बाद राजनीति भी जमकर हो रही है।
कुल मिलाकर,अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि राजनीतिक, सामाजिक और नैतिक सवालों का केंद्र बन गया है।अब तक इसमें घटना में पुलकित आर्य सहित तीन की गिरफ्तारी हो चुकी है.और इस मामले में अभी भी सीबीआई अपनी निगाह जमाए है.एक तरफ विनोद आर्य के दावों और कथित व्हाट्सऐप चैट ने वीआईपी, आत्महत्या और प्रताड़ना जैसे नए सवाल खड़े कर दिए हैं, तो दूसरी तरफ विपक्षी दल इसे एक मृत बेटी के चरित्र हनन का गंभीर मामला बता रहे हैं। उक्त मामले में शुरु से ही विपक्षी दल सरकार पर हमलावर नज़र आ रहे है, इधर विनोद आर्य द्वारा प्रेसवार्ता कर दिये गये बयानों ने आग में घी का काम कर दीया है। हरक सिंह रावत की सीबीआई जांच पूरी करने और गिरफ्तारी की मांग, और महिला मोर्चा का प्रदर्शन इसी का उदाहरण है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सीबीआई जांच से वीआईपी का सच सामने आएगा, क्या अंकिता की निजी बातचीत सार्वजनिक करने वालों पर कार्रवाई होगी,और क्या अंकिता भंडारी के परिवार को आखिर न्याय मिलेगा। इन सवालों के जवाब पर ही इस प्रकरण की दिशा और प्रदेश की सियासत का अगला रुख तय होगा।