मुझे पत्थर से मारने की कोशिश हुई….  CRPF ने बचाई जान, कल्याण बनर्जी ने BJP को ठहराया जिम्मेदार

Knews Desk- पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा को लेकर सियासी तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि हुगली जिले में उनके साथ हमला किया गया और यह पूरी घटना राजनीतिक साजिश का हिस्सा थी।

जानकारी के मुताबिक कल्याण बनर्जी हुगली के चंडीतला पुलिस स्टेशन पहुंचे थे, जहां वह चुनाव बाद हुई हिंसा और टीएमसी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में ज्ञापन देने गए थे। इसी दौरान पुलिस स्टेशन के बाहर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने काले झंडे दिखाए और टीएमसी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे लोग बीजेपी समर्थक थे और उन्होंने उन पर हमला किया। उनका कहना है कि इस दौरान उनके सिर पर चोट लगी और खून भी बहा। उन्होंने इसे “हत्या की कोशिश” बताते हुए कहा कि पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब एक दिन पहले ही टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के साथ भी विरोध प्रदर्शन और कथित हमले की खबर सामने आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में माहौल और गर्म हो गया है।

टीएमसी ने इस घटना के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है और लोकतंत्र पर हमला बताया है। वहीं विपक्षी दलों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए टीएमसी पर राजनीतिक माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े वीडियो व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *