2014 के बाद बदले भारत पर युवा पीढ़ी कर सकती है गर्व… पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गिनाईं उपलब्धियां

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना करते हुए कहा है कि जब किसी देश को लोकप्रिय और दूरदर्शी सोच का नेता मिलता है, तो परिणाम आने में देर नहीं लगती। शुक्रवार को लखनऊ में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि 2014 के बाद हर नागरिक ने एक बदलते और सशक्त होते भारत को देखा है। आज की युवा पीढ़ी इस नए भारत पर गर्व कर सकती है, जिसने तमाम वैश्विक चुनौतियों का सामना करते हुए दुनिया को अपनी सामर्थ्य का अहसास कराया है।

“आजादी के बाद देश को बांटा गया, मोदी ने योजनाओं को बनाया जनआंदोलन”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के राजनीतिक इतिहास का जिक्र करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 1947 से पहले जहां भारत के लोगों की आजादी को बेरहमी से रौंदा गया, वहीं आजादी मिलने के बाद नागरिकों को मत, मजहब और संप्रदाय के नाम पर बांटने का काम किया गया। पूर्ववर्ती सरकारों में कभी भी फोकस्ड कार्यक्रमों और उनके सफल क्रियान्वयन को जमीन पर उतरते नहीं देखा गया। देश में पहली बार यह देखा गया है कि सिर्फ योजनाएं बनाई ही नहीं गईं, बल्कि उनके सफल क्रियान्वयन के लिए उन्हें एक ‘जनआंदोलन’ में बदल दिया गया। पीएम मोदी के विजनरी नेतृत्व के कारण ही आज नीतियां सीधे जनता से जुड़ रही हैं।

12 वर्षों की बेमिसाल उपलब्धियां: 4 करोड़ घर और 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर

सीएम योगी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंकड़ों के साथ पिछले 12 वर्षों की बड़ी उपलब्धियों को देश के सामने रखा। उन्होंने कहा कि देश के 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्का मकान देकर उनके सिर ढकने का ऐतिहासिक कार्य किया गया है। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के तहत हर गरीब को अस्पताल में मुफ्त इलाज के लिए 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर मिला है। नए उद्यमियों के लिए ‘मुद्रा योजना’ और युवाओं के लिए ‘स्टार्टअप योजना’ ने देश के भीतर रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई क्रांति ला दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पीएम मोदी ने देश की बागडोर संभाली थी, तब भारत की आबादी लगभग 120 करोड़ थी। उनके सफलतम कल्याणकारी कार्यक्रमों की बदौलत देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में अभूतपूर्व सफलता मिली है। उन्होंने रेखांकित किया कि दुनिया में 25 करोड़ की आबादी सिर्फ भारत, चीन और अमेरिका जैसे बड़े देशों की है। इन 25 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार का सबसे बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश को मिला है।

“पहले पहचान को मोहताज था यूपी, अब खत्म हुई गुंडागर्दी और अराजकता”

उत्तर प्रदेश के बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी वाला यह राज्य कभी अपनी सकारात्मक पहचान के लिए तरसता था। पहले यहां सिर्फ अराजकता, असुरक्षा, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। राज्य के नौजवानों के लिए न तो प्रदेश के भीतर नौकरियां थीं और न ही राज्य के बाहर उन्हें सम्मान मिलता था, उन्हें अपनी पहचान छिपाने के लिए मजबूर होना पड़ता था। लेकिन आज, उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री के विजन का पूरा लाभ उठाया है और विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

“जो राम-कृष्ण के नाम से परहेज करते थे, जनता उन्हें पहचान चुकी है”

विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को याद करना चाहिए कि वे कौन लोग थे जो भारत की मूल आस्था प्रभु श्रीराम और लीलाधारी श्रीकृष्ण के नाम से परहेज करते थे। जो लोग देवाधिदेव महादेव का नाम लेने में भी संकोच करते थे और भारत की सनातन आस्था को अपमानित करना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते थे। सीएम योगी ने भावुक होते हुए कहा कि देश ने 500 वर्षों की गुलामी और अयोध्या में रामजन्मभूमि की सभी जकड़नों को दूर होते देखा है। नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास, भव्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम और सनातन की ध्वज पताका फहराने के ऐतिहासिक पलों में खुद शामिल हुए। यह 12 वर्ष देश ने आस्था और आर्थिकी के एक वृहद और अद्भुत संगम के रूप में देखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *