E20 पेट्रोल पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- ‘दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली है’

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से आम लोगों के वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है और उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएगी।

Knews Desk- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए उन्होंने E20 इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम पर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और कांग्रेस आने वाले समय में इसे प्रमुखता से उठाएगी।

राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि आमतौर पर कहा जाता है कि ‘दाल में कुछ काला है’, लेकिन E20 के मामले में ‘पूरी दाल ही काली है’। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की इस नीति का सीधा असर आम लोगों की जेब और उनके वाहनों पर पड़ रहा है।

राहुल गांधी ने E20 को बताया गंभीर मुद्दा

वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक अभियान में मुद्दों की प्राथमिकता तय करनी पड़ती है। देश में कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन्हें कांग्रेस लगातार उठा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि E20 पेट्रोल का मुद्दा भी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसे गंभीरता से उठाया जाएगा।

राहुल गांधी ने दावा किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से कार और स्कूटर जैसे वाहनों को नुकसान हो सकता है। उन्होंने इसे लोगों की आर्थिक स्थिति से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि इससे वाहन मालिकों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ रहा है।

इथेनॉल उत्पादकों को फायदा पहुंचाने का लगाया आरोप

E20 को लेकर कांग्रेस पहले भी केंद्र सरकार पर सवाल उठा चुकी है। पार्टी का आरोप है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा देने की नीति से आम उपभोक्ताओं को अपेक्षित आर्थिक फायदा नहीं मिला है। कांग्रेस का दावा है कि इस व्यवस्था का सबसे अधिक लाभ इथेनॉल उत्पादकों को मिल रहा है।

कांग्रेस का कहना है कि सस्ता ईंधन उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, लेकिन वाहन चालकों को पेट्रोल के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। इसी को लेकर पार्टी लगातार सरकार से जवाब मांग रही है।

हरदीप सिंह पुरी ने आरोपों पर किया पलटवार

E20 पेट्रोल को लेकर विपक्ष के आरोपों पर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी जवाब दिया है। उन्होंने सरकार के बायोफ्यूल ब्लेंडिंग कार्यक्रम का बचाव करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक चल रहा है और E20 को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश की जा रही है।

पुरी ने कहा कि देश में हर दिन करीब 6 से 7 करोड़ ग्राहक पेट्रोल पंपों पर पहुंचते हैं। ईंधन की गुणवत्ता की जांच के लिए लगातार सैंपल लिए जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रतिदिन करीब 2,000 पेट्रोल स्टेशनों से नमूने लिए गए और 1.07 लाख पेट्रोल पंपों में केवल चार मामले सामने आए।

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ लोग तथ्यों को संदर्भ से अलग पेश कर E20 को लेकर भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *