राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर संसद में विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन, पप्पू यादव बने पुजारी, राहुल गांधी ने डाली दान पेटी में राशि

Knews Desk- अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को संसद परिसर में विपक्षी दलों ने अलग अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पुजारी के वेश में संसद के मकर द्वार पहुंचे और अपने सामने एक दान पेटी रखकर बैठ गए। कुछ देर बाद समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने उनके पास दान पात्र रख दिया।

प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी वहां पहुंचे और प्रतीकात्मक रूप से दान पेटी में कुछ राशि डाली। उनके अलावा विपक्ष के कई अन्य सांसदों ने भी दान पेटी में पैसे डाले।

प्रदर्शन के दौरान जब दान पेटी में पैसे डाले गए तो पप्पू यादव ने उन पैसों को निकालकर अपनी जेब में रख लिया। विपक्षी नेताओं ने इसे राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का प्रतीक बताया। इसके बाद मौजूद सांसदों ने “चढ़ावा चोर” और “चोर-चोर” जैसे नारे लगाकर विरोध जताया।

संसद में चर्चा की मांग

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि अयोध्या से जुड़ा यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुका है। उनके अनुसार, इस मुद्दे को सबसे पहले अखिलेश यादव ने उठाया था और अब विपक्ष इसे संसद के भीतर भी मजबूती से उठाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या का सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इस मामले पर विस्तृत चर्चा होनी चाहिए।

राम मंदिर के कथित चढ़ावा विवाद के साथ-साथ विपक्षी सांसदों ने हालिया छात्र प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का भी विरोध किया। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की गई।

धर्मेंद्र यादव ने लगाए गंभीर आरोप

सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि अयोध्या में श्रद्धालुओं से दान लेने की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई। उनका दावा था कि कई भक्तों को रसीद नहीं दी गई और दान पेटी तक पहुंचने से पहले ही उनसे पैसे ले लिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पैसों की गिनती वाले क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कई संदिग्ध घटनाएं रिकॉर्ड हुई थीं, लेकिन बाद में पुराना फुटेज हटा दिया गया।

धर्मेंद्र यादव ने कहा कि विपक्ष लगातार इस पूरे मामले पर संसद में चर्चा की मांग कर रहा है और स्पीकर से भी इस विषय पर बहस कराने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *