Knews Desk- बीजेपी की नई टीम की पहली बैठक में युवाओं और Gen Z को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी ने इसके लिए 10 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। नितिन नवीन को कमेटी का अध्यक्ष और बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े को कोऑर्डिनेटर बनाया गया है।
बैठक के बाद विनोद तावड़े ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 25 साल पूरे होंगे। इसी अवसर को ध्यान में रखते हुए बीजेपी देशभर में करीब एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की तैयारी कर रही है।
तावड़े के मुताबिक, पार्टी हर साल 17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिन के आसपास ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती है। इस बार इसे और व्यापक बनाते हुए मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन और सेवाकाल से जुड़े कार्यक्रमों को अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचेगी पार्टी
अभियान के तहत बीजेपी कार्यकर्ता देशभर के 14 लाख से ज्यादा आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचने और वहां काम करने वालों का सम्मान करने की योजना बना रहे हैं। इसके साथ ही युवाओं को सेवा गतिविधियों पर आधारित रील्स और डिजिटल कंटेंट तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
पार्टी इन गतिविधियों को जिला और राज्य स्तर पर भी बड़े पैमाने पर आगे बढ़ाएगी। अलग-अलग योजनाओं और सेवा कार्यों को लेकर करीब 15 दिनों तक रील्स और डिजिटल माध्यमों से अभियान चलाने की योजना है।
राष्ट्रीय स्तर पर इनोवेशन चैलेंज
विनोद तावड़े ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर ‘इनोवेशन चैलेंज’ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए युवाओं और अन्य प्रतिभागियों को नए आइडिया देने का मौका मिलेगा।
उन्होंने सफाई अभियान, पौधारोपण और टीबी उन्मूलन जैसे कार्यों को भी अभियान से जोड़ने की बात कही। उदाहरण के तौर पर किसी गांव या क्षेत्र में टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें सरकार के टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जोड़ना भी सेवा कार्य का हिस्सा होगा।
बीजेपी का लक्ष्य इन गतिविधियों के जरिए युवाओं को जमीनी स्तर की सेवा से जोड़ने के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उनकी भागीदारी बढ़ाना है।