नागपुर की एसबीएल एनर्जी फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 15 की मौत, 18 मजदूर गंभीर घायल

डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कटोल तहसील स्थित राउलगांव में आज सुबह एक भीषण औद्योगिक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। खनन और औद्योगिक विस्फोटक बनाने वाली कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के कारखाने में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 18 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि धमाका सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोट उस समय हुआ जब मजदूर विस्फोटक तैयार करने की प्रक्रिया में जुटे हुए थे। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई।

हादसे के समय 25-30 मजदूर फैक्ट्री के अंदर मौजूद थे

बताया जा रहा है कि हादसे के समय यूनिट के अंदर करीब 25 से 30 मजदूर मौजूद थे। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए। धुएं का गुबार दूर तक फैल गया और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ मजदूर अभी भी मलबे के नीचे या फैक्ट्री परिसर के अंदर फंसे हो सकते हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।

धमाका इतना तेज कि आसपास के घरों में आई दरारें

जिला प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्राथमिक तौर पर विस्फोटक निर्माण प्रक्रिया के दौरान तकनीकी चूक या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की संभावना जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि जमीन तक कांप उठी। कई घरों के शीशे भी चटकने की खबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *