मुंबई एयरपोर्ट पर हाई-प्रोफाइल चोरी, मेट गाला के लिए रिया कपूर के किराए पर लिए ₹1.35 करोड़ के कीमती ईयररिंग्स गायब, केस दर्ज

डिजिटल डेस्क- मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन में एक बेहद चौंकाने वाला और हाई-प्रोफाइल चोरी का मामला सामने आया है। मशहूर फिल्म निर्माता और फैशन आइकन रिया कपूर के लिए न्यूयॉर्क के ‘मेट गाला’ इवेंट के वास्ते किराए पर लिए गए करीब 1.35 करोड़ रुपये की कीमत के दो जोड़ी बहुमूल्य ईयररिंग्स चोरी हो गए हैं। इस मामले में रिया कपूर की मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह की शिकायत पर सहार पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता सवलीन सिंह पिछले सात सालों से रिया कपूर के साथ बतौर मेकअप आर्टिस्ट काम कर रही हैं और उनके सभी फैशन कार्यक्रमों में मेकअप का जिम्मा संभालती हैं।

इंटरनेशनल फ्लाइट की यात्रा के दौरान हुई करोड़ों की चोरी

शिकायत के मुताबिक, 29 अप्रैल 2026 को न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध फैशन इवेंट ‘मेट गाला’ के लिए रिया कपूर को आमंत्रण मिला था, जिसमें शामिल होने के लिए उनकी मेकअप टीम भी साथ जा रही थी। इस खास मौके के लिए मुंबई के प्रसिद्ध ‘मेहता ज्वेलर्स’ और ‘गोयंका ज्वेलर्स’ से दो जोड़ी बेहद कीमती ईयररिंग्स किराए पर ली गई थीं। इन गहनों को सुरक्षा के लिहाज से सवलीन सिंह ने अपने हैंडबैग में रख लिया था। सवलीन और उनकी टीम 27 अप्रैल 2026 की रात 10:25 बजे मुंबई एयरपोर्ट से दुबई होते हुए न्यूयॉर्क के लिए एमिरेट्स की फ्लाइट से रवाना हुई थी।

न्यूयॉर्क के होटल में डिब्बे खोलने पर उड़ा होश

यह टीम 28 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5:30 बजे न्यूयॉर्क के जॉन एफ. केनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची और वहाँ से सीधे ‘होटल पियर’ में अपने-अपने कमरों में चली गई। होटल पहुंचने के बाद जब सवलीन ने टीम की सदस्य शिरीन मैडम को गहने सौंपने के लिए अपने पर्स से ईयररिंग्स के बॉक्स निकाले और उन्हें खोला, तो उनके होश उड़ गए क्योंकि डिब्बों के अंदर से ईयररिंग्स गायब थे। आशंका जताई जा रही है कि मुंबई से न्यूयॉर्क की इस लंबी हवाई यात्रा के दौरान ही किसी शातिर चोर ने बड़ी चालाकी से बैग खोलकर गहने उड़ा दिए।

गायब हुए गहनों में जड़े थे दुर्लभ डायमंड और जाम्बियन एमराल्ड

पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, चोरी हुए दोनों ईयररिंग्स बेहद दुर्लभ और कीमती रत्नों से बने थे। इसमें मेहता ज्वेलर्स के एमराल्ड स्टोन (पन्ना) और डायमंड जड़े सोने के ईयररिंग्स शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 66 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही गोयंका ज्वेलर्स के जाम्बियन एमराल्ड स्टोन और सोने की बॉर्डर वाले ईयररिंग्स भी चोरी हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 69 लाख रुपये है। इस तरह गायब हुए दोनों गहनों की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 35 लाख रुपये आंकी गई है।

कड़ियां जोड़ने और सच पता लगाने में जुटी सहार पुलिस

इस बड़ी वारदात के बाद सहार पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। चूंकि यह चोरी एक अंतरराष्ट्रीय हवाई सफर के दौरान हुई है, इसलिए पुलिस के सामने कड़ियों को जोड़ना एक बड़ी चुनौती है। पुलिस अब एमिरेट्स फ्लाइट के क्रू और यात्रियों की डिटेल खंगालने के साथ ही यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की यह वारदात मुंबई एयरपोर्ट पर हुई, मुंबई से दुबई या दुबई से न्यूयॉर्क की उड़ान के बीच आसमान में हुई, या फिर न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर उतरने के बाद किसी ने इसे अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *