सर्दियों में हाथ-पैर की उंगलियों में सूजन क्यों होती है? जानें कारण और बचाव के असरदार उपाय

KNEWS DESK- ठंड का मौसम आते ही कई लोगों को हाथ-पैर की उंगलियों में सूजन, खुजली और जलन की समस्या होने लगती है। कई बार हालत ऐसी हो जाती है कि रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल हो जाता है। यह परेशानी दिखने में छोटी लगती है, लेकिन समय पर ध्यान न दिया जाए तो ज्यादा तकलीफदेह बन सकती है। आइए जानते हैं सर्दियों में उंगलियां क्यों सूजती हैं और इससे बचाव के आसान तरीके क्या हैं।

सर्दियों में उंगलियों की सूजन के मुख्य कारण

ठंड के कारण ब्लड सर्कुलेशन कम होना

ठंड में शरीर खुद को गर्म रखने के लिए ब्लड वेसल्स को सिकोड़ लेता है। इससे हाथ-पैर की उंगलियों में ब्लड फ्लो धीमा हो जाता है और टिश्यू में फ्लूड जमा होने लगता है, जिससे सूजन आ जाती है।

डिहाइड्रेशन

सर्दियों में प्यास कम लगती है, इसलिए लोग पानी कम पीते हैं। शरीर में पानी की कमी होने पर भी हाथ-पैर की उंगलियों में सूजन की समस्या बढ़ सकती है।

चिलब्लेन्स (Chilblains) की समस्या

चिलब्लेन्स ठंड और नमी की वजह से होने वाली एक आम परेशानी है। इसमें उंगलियों पर लाल, खुजलीदार और सूजे हुए दाने हो जाते हैं। यह छोटे ब्लड वेसल्स में सूजन के कारण होता है और सर्दियों में ज्यादा देखने को मिलता है।

सर्दियों में उंगलियों की सूजन से बचने के उपाय

हाथ-पैर हमेशा सूखे और गर्म रखें

नमी चिलब्लेन्स की समस्या को बढ़ा सकती है। हाथ-पैर धोने के बाद उन्हें अच्छी तरह सुखाएं। बाहर निकलते समय दस्ताने, ऊनी मोजे और बंद जूते जरूर पहनें ताकि ठंडी हवा सीधे न लगे।

नियमित रूप से मॉइश्चराइजर लगाएं

सर्दियों की ठंडी हवा त्वचा को ड्राई बना देती है। इससे बचाव के लिए दिन में 2-3 बार अच्छा मॉइश्चराइजर हाथ-पैरों पर लगाएं।

खुद को हाइड्रेट रखें

भले ही ठंड में प्यास कम लगे, लेकिन पर्याप्त पानी पीना बेहद जरूरी है। शरीर में पानी की कमी सूजन को बढ़ा सकती है।

अचानक बहुत गर्म जगह पर न जाएं

ठंड से सीधे बहुत गर्म जगह पर जाने से ब्लड सर्कुलेशन तेजी से बदलता है, जिससे सूजन और बढ़ सकती है। शरीर को धीरे-धीरे गर्म होने दें।

कब डॉक्टर से संपर्क करें?

अगर इन उपायों के बावजूद सूजन, खुजली या जलन लंबे समय तक बनी रहे, या दर्द बढ़ने लगे, तो देर न करें और डॉक्टर से सलाह जरूर लें। समय पर इलाज से समस्या को बढ़ने से रोका जा सकता है।