KNEWS DESK- शाम के समय अगर आप कुछ हल्का, स्वादिष्ट और हेल्दी खाना चाहते हैं तो कर्नाटक की मशहूर थट्टे इडली ट्राई कर सकते हैं। यह सामान्य इडली से आकार में बड़ी और ज्यादा मुलायम होती है। कर्नाटक के बेंगलुरु और मैसूर जैसे शहरों में थट्टे इडली काफी पसंद की जाती है। नारियल की चटनी और सांभर के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।

थट्टे इडली को डीप फ्राई करने की जरूरत नहीं होती, बल्कि इसे भाप में पकाया जाता है। ऐसे में शाम के स्नैक्स के अलावा इसे नाश्ते में भी खाया जा सकता है। आइए जानते हैं घर पर सॉफ्ट और स्पंजी थट्टे इडली बनाने का आसान तरीका।
सामान्य इडली से कैसे अलग है थट्टे इडली?
कन्नड़ भाषा में ‘थट्टे’ का मतलब प्लेट होता है। यह इडली सामान्य इडली के छोटे सांचों के बजाय प्लेट जैसे चपटे सांचे में बनाई जाती है। इसी वजह से इसका आकार बड़ा और चपटा होता है। इसके बैटर में पोहा मिलाने से इडली ज्यादा सॉफ्ट और स्पंजी बनती है।
थट्टे इडली बनाने के लिए सामग्री
थट्टे इडली बनाने के लिए 2 कप इडली चावल, 1 कप धुली उड़द दाल, आधा कप पोहा, आधा छोटा चम्मच मेथी दाना, स्वादानुसार नमक और जरूरत के अनुसार पानी लें। प्लेट को ग्रीस करने के लिए थोड़ा तेल या घी भी रखें।
ऐसे तैयार करें थट्टे इडली
- सबसे पहले चावल, उड़द दाल और मेथी दाने को धोकर अलग-अलग करीब 4 से 5 घंटे तक पानी में भिगो दें। बैटर तैयार करने से लगभग 20 से 30 मिनट पहले पोहा भी पानी में भिगो लें।
- इसके बाद उड़द दाल को पीसकर स्मूद बैटर तैयार करें। चावल और पोहा को एक साथ हल्का दरदरा पीस लें। अब दोनों बैटर को अच्छी तरह मिलाकर लगभग 8 से 10 घंटे के लिए फर्मेंट होने दें।
- बैटर अच्छी तरह फर्मेंट हो जाए तो इसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं। अब छोटी स्टील प्लेट या थट्टे इडली के सांचे पर थोड़ा तेल या घी लगाएं और उसमें बैटर डालें।
- स्टीमर में पानी गर्म करके प्लेटों को रखें और करीब 10 से 12 मिनट तक भाप में पकाएं। इडली पकने के बाद प्लेटों को बाहर निकालें और थोड़ा ठंडा होने दें।
ऐसे करें सर्व
तैयार थट्टे इडली को गर्मागर्म सांभर और नारियल की चटनी के साथ सर्व करें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा घी भी डाल सकते हैं। सॉफ्ट इडली बनाने के लिए बैटर का अच्छी तरह फर्मेंट होना जरूरी है। साथ ही इडली को जरूरत से ज्यादा देर तक स्टीम न करें, वरना इसकी सॉफ्टनेस कम हो सकती है।