बार-बार गर्म किया हुआ तेल सेहत के लिए क्यों है नुकसानदायक?

दिल्ली के श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट के सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन डॉक्टर अरविंद अग्रवाल के अनुसार, तेल को बार-बार गर्म करने से उसमें हानिकारक केमिकल्स जैसे ट्रांस फैट्स और फ्री रेडिकल्स बनते हैं। ये तत्व शरीर में जाकर कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
दिल की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर और कैंसर का खतरा

फ्री रेडिकल्स और ट्रांस फैट्स शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं। इससे दिल की बीमारियों, हाई ब्लड प्रेशर और यहां तक कि कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
पाचन तंत्र पर भी असर

पुराना तेल पाचन क्रिया को भी प्रभावित करता है। इससे पेट दर्द, गैस, अपच और एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
स्वाद, रंग और खुशबू भी होती है खराब

बार-बार गर्म किए गए तेल में न सिर्फ पोषण खत्म हो जाता है, बल्कि इसका स्वाद, रंग और खुशबू भी खराब हो जाती है। इससे बना खाना भी सेहत के लिए हानिकारक बन सकता है। कई बार इस्तेमाल किया गया तेल बैक्टीरिया और टॉक्सिन्स (विषैले तत्वों) का घर बन जाता है। इससे फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
क्या करें?
- एक ही तेल को बार-बार उपयोग करने से बचें।
- यदि उपयोग करना पड़े, तो अधिकतम एक बार ही इस्तेमाल करें और वह भी सिर्फ हल्के तले हुए खाने के लिए।
- सबसे अच्छा उपाय यही है कि हर बार खाना पकाने के लिए ताजा तेल इस्तेमाल करें।
सेहत से जुड़ा कोई भी समझौता आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकता है। इसलिए तले हुए खाद्य पदार्थों को कम खाएं और एक बार इस्तेमाल किए गए तेल को दोबारा गर्म करके खाना बनाने से बचें। यह एक छोटी सी सावधानी, आपको बड़ी बीमारियों से बचा सकती है।