KNEWS DESK-मलाईदार और खुशबूदार मिठाई खाने के शौकीन हैं तो बंगाल की केसर भापा दोई जरूर ट्राई करें। दही, कंडेंस्ड मिल्क, क्रीम और केसर से तैयार होने वाली यह मिठाई स्वाद में बेहद लाजवाब होती है। खास बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं केसर भापा दोई बनाने की आसान रेसिपी।

बंगाली मिठाइयों का नाम आते ही मिष्टी दोई और रसगुल्ले का ख्याल सबसे पहले आता है। लेकिन बंगाल की मिठाइयों की लिस्ट यहीं खत्म नहीं होती। केसर भापा दोई भी यहां की पसंदीदा मिठाइयों में शामिल है। यह मिठाई बेहद मुलायम, क्रीमी और खुशबूदार होती है। इसमें दही के साथ केसर और इलायची का स्वाद इसे खास बना देता है। अगर आप घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट मिठाई बनाना चाहते हैं तो केसर भापा दोई एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
केसर भापा दोई के लिए जरूरी सामग्री
- 2 बड़े चम्मच गुनगुना दूध
- 3 कप दही
- 6 बड़े चम्मच कंडेंस्ड मिल्क
- 10-12 केसर के धागे
- ¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 1½ कप फ्रेश क्रीम
सबसे पहले दही को करें गाढ़ा
केसर भापा दोई बनाने के लिए सबसे पहले गाढ़ा दही लें। दही को मलमल के कपड़े में डालकर कुछ घंटों के लिए लटका दें। इससे दही का अतिरिक्त पानी निकल जाएगा और करीब 2 कप गाढ़ा दही तैयार हो जाएगा।
केसर वाला दूध तैयार करें
अब एक कटोरी में 2 बड़े चम्मच गुनगुना दूध लें। इसमें 10-14 केसर के धागे कूटकर डालें। कुछ देर रखने पर दूध में केसर का रंग और खुशबू अच्छी तरह आ जाएगी।
तैयार करें भापा दोई का मिश्रण
एक बड़े बर्तन में गाढ़ा किया हुआ दही लें। इसमें केसर वाला दूध, कंडेंस्ड मिल्क, फ्रेश क्रीम और इलायची पाउडर डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह फेंटें। मिश्रण को तब तक मिलाएं, जब तक यह बिल्कुल स्मूद न हो जाए और इसमें कोई गांठ न रहे।
अब भाप में पकाएं
मिश्रण तैयार होने के बाद इसे मिट्टी के बर्तन में डालें और ऊपर से एल्युमिनियम फॉयल से अच्छी तरह ढक दें। अब एयर फ्रायर की बॉटम ट्रे में थोड़ा पानी डालें। इसके ऊपर ट्रे रखें और उस पर मिट्टी का बर्तन रख दें। एयर फ्रायर को 150 डिग्री सेल्सियस पर 10-15 मिनट तक चलाएं।
ठंडा होने के बाद करें सर्व
समय पूरा होने के बाद मिट्टी के बर्तन को एयर फ्रायर से बाहर निकाल लें। अब इसे सीधे फ्रिज में 2-3 घंटे के लिए रख दें। ठंडा होने के बाद भापा दोई अच्छी तरह सेट हो जाएगी। इसके बाद इसे ठंडा-ठंडा सर्व करें। इस तरह घर पर ही बंगाल की स्वादिष्ट और मलाईदार केसर भापा दोई तैयार हो जाएगी।