KNEWS DESK- बच्चों को चॉकलेट से बनी चीजें बेहद पसंद होती हैं। अगर आपका बच्चा रोजाना कुछ नया और टेस्टी खाने की डिमांड करता है, तो बॉर्बन चॉको लड्डू एक शानदार विकल्प हो सकता है। चॉकलेट और बिस्किट के इस बेहतरीन कॉम्बिनेशन से तैयार होने वाला यह स्वीट डिश स्वाद के साथ-साथ दिखने में भी काफी आकर्षक लगता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर में मौजूद कुछ आसान सामग्री से इसे तैयार किया जा सकता है।

बॉर्बन चॉको लड्डू बनाने के लिए सामग्री
- 1 पैकेट बॉर्बन बिस्किट
- 4 बड़े चम्मच दूध
- 2 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर
- 2 बड़े चम्मच कटे हुए बादाम और काजू
- 1 बड़ा चम्मच कोको पाउडर
- गार्निशिंग के लिए क्रश किए हुए बॉर्बन बिस्किट
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट बॉर्बन चॉको लड्डू
सबसे पहले बॉर्बन बिस्किट को मिक्सर में डालकर हल्का दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि बिस्किट का मिश्रण पूरी तरह बारीक न हो, ताकि लड्डू में हल्का क्रंच बना रहे।
अब एक बड़े बाउल में बिस्किट का मिश्रण डालें और उसमें मिल्क पाउडर व बारीक कटे हुए बादाम-काजू मिला दें। इसके बाद धीरे-धीरे दूध डालते हुए सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करें।
जब मिश्रण नरम और स्मूथ हो जाए तो हाथों की मदद से छोटे-छोटे लड्डू तैयार कर लें। अब इन लड्डुओं को कोको पाउडर में अच्छी तरह रोल करें, जिससे इनका स्वाद और अधिक चॉकलेटी हो जाए।
अंत में तैयार लड्डुओं के ऊपर क्रश किए हुए बॉर्बन बिस्किट छिड़क दें। इससे न सिर्फ इनका स्वाद बढ़ेगा बल्कि देखने में भी ये बेहद आकर्षक लगेंगे।
बच्चों के साथ बड़ों को भी आएंगे पसंद

बॉर्बन चॉको लड्डू की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे खाने के बाद हर कोई इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा। चॉकलेट, बिस्किट और ड्राई फ्रूट्स का यह अनोखा मिश्रण बच्चों के टिफिन, बर्थडे पार्टी या शाम की स्नैकिंग के लिए एक परफेक्ट विकल्प साबित हो सकता है।