Janmashtami Special: बिना ओवन बनाएं मेवा चीज केक, कान्हा जी के भोग के लिए है एकदम खास

KNEWS DESK- जन्माष्टमी का त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन घरों में कान्हा जी के लिए तरह-तरह के भोग तैयार किए जाते हैं। आमतौर पर मखाना, मेवा, पंजीरी, चरणामृत और कई पारंपरिक मिठाइयां बनाई जाती हैं। लेकिन अगर इस बार आप भोग में कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो मेवा चीज केक एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।

इस खास रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए ओवन की जरूरत नहीं पड़ती। मखाना, बादाम, काजू, खरबूजे के बीज और खजूर से तैयार इसका बेस कुरकुरा और हल्की प्राकृतिक मिठास वाला होता है, जबकि ऊपर की छेना वाली लेयर इसे बेहद क्रीमी बनाती है।

मेवा चीज केक के लिए सामग्री

बेस तैयार करने के लिए

  • 1 कप मखाना
  • ¼ कप काजू
  • ½ कप बादाम
  • ⅓ कप खरबूजे के बीज (मगज)
  • 5-6 बीज निकले हुए खजूर

क्रीमी लेयर के लिए

  • 1 लीटर फुल-फैट दूध
  • जरूरत के अनुसार नींबू का रस
  • दही
  • केसर
  • इलायची या जायफल पाउडर
  • मोंक फ्रूट स्वीटनर या चीनी, स्वादानुसार
  • कटे हुए पिस्ते, सजाने के लिए

कैसे बनाएं मेवा चीज केक?

सबसे पहले मखाना, काजू, बादाम और खरबूजे के बीजों को धीमी आंच पर हल्का सुनहरा और क्रिस्पी होने तक भून लें। इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद सभी रोस्ट किए हुए मेवों को खजूर के साथ ब्लेंडर में डालकर दरदरा पीस लें।

अब एक पैन में दूध गर्म करें। जब दूध में बुलबुले आने लगें तो गैस बंद कर दें। इसमें धीरे-धीरे नींबू का रस डालें और दूध को फटने दें। दूध से छेना और व्हे अलग हो जाने पर इसे छान लें। छेने को साफ पानी से धोकर अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निकाल दें।

इसके बाद छेना को दही, केसर, इलायची या जायफल पाउडर और मोंक फ्रूट स्वीटनर के साथ ब्लेंड करें। इसे तब तक ब्लेंड करें जब तक मिश्रण बिल्कुल स्मूद और क्रीमी न हो जाए।

अब एक कंटेनर या केक टिन में मखाना-मेवा और खजूर से तैयार मिश्रण को फैलाएं। इसे अच्छी तरह दबाकर एक मजबूत बेस बना लें। इसके ऊपर तैयार क्रीमी छेना मिश्रण डालकर बराबर फैला दें।

केक को करीब 4-5 घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने दें। अच्छी तरह सेट होने के बाद ऊपर से कटे हुए पिस्ते डालकर सजाएं और कान्हा जी को भोग लगाएं।

https://www.instagram.com/reels/DcLxBpqCjtt/

जन्माष्टमी पर क्यों खास है ये रेसिपी?

मेवा चीज केक में इस्तेमाल होने वाली मखाना, बादाम, काजू, खजूर और अन्य सामग्री इसे पारंपरिक मेवा आधारित भोग का आधुनिक ट्विस्ट देती है। वहीं, बिना ओवन के तैयार होने के कारण इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है।

अगर इस जन्माष्टमी आप कान्हा जी के भोग में कुछ पारंपरिक स्वाद के साथ नया अंदाज शामिल करना चाहते हैं, तो यह मेवा चीज केक जरूर ट्राई कर सकते हैं।