KNEWS DESK- जन्माष्टमी के मौके पर भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री, पंजीरी और तरह-तरह की मिठाइयों का भोग लगाने की परंपरा है. हालांकि, अब कई लोग कान्हा के जन्मदिन को खास बनाने के लिए कुछ अलग तरह के व्यंजन भी तैयार करते हैं. अगर इस जन्माष्टमी आप भी भोग में कुछ नया ट्राई करने का सोच रहे हैं, तो शाही चीजकेक एक अच्छा विकल्प हो सकता है.

इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको न तो ओवन की जरूरत होगी और न ही मैदे की. मखाना, काजू, बादाम, खरबूजे के बीज और खजूर से इसका बेस तैयार किया जाता है, जबकि ऊपर की क्रीमी लेयर छेने, दही और केसर से बनती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
शाही केक के लिए सामग्री
केक के बेस के लिए:
- मखाना- 1 कप
- काजू- 1/4 कप
- बादाम- 1/2 कप
- खरबूजे के बीज- 1/3 कप
- बीज निकले खजूर- 5 से 6
क्रीमी लेयर के लिए:
- फुल-फैट दूध- 1 लीटर
- नींबू का रस- दूध फाड़ने के लिए
- दही- 2 से 3 चम्मच
- केसर- एक चुटकी
- इलायची या जायफल पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
- फ्रूट स्वीटनर या गुड़- स्वादानुसार
गार्निशिंग के लिए:
- बारीक कटे हुए पिस्ते
सबसे पहले तैयार करें केक का बेस
एक कड़ाही में मखाना, काजू, बादाम और खरबूजे के बीज डालें. इन्हें मध्यम आंच पर करीब 7 से 8 मिनट तक सूखा भूनें. जब मेवे और मखाने अच्छी तरह क्रिस्पी हो जाएं, तो गैस बंद कर दें और इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें. अब भुने हुए मेवे और मखाने को खजूर के साथ मिक्सी में डालें और दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि इसे बहुत बारीक पाउडर न बनाएं.
छेने से तैयार होगी क्रीमी लेयर
अब एक बर्तन में एक लीटर फुल-फैट दूध गर्म करें. दूध में उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें और इसमें धीरे-धीरे नींबू का रस डालें. कुछ देर में दूध फट जाएगा और छेना पानी से अलग हो जाएगा. फटे हुए दूध को साफ सूती कपड़े से छान लें. छेने को ठंडे पानी से अच्छी तरह धोएं, ताकि नींबू का खट्टापन निकल जाए. इसके बाद कपड़े को बांधकर ऊपर कोई भारी चीज रख दें, जिससे छेने का अतिरिक्त पानी निकल जाए.
ऐसे बनाएं क्रीमी मिश्रण
अब तैयार छेने को मिक्सी जार में डालें. इसमें दही, केसर, इलायची या जायफल पाउडर और स्वादानुसार फ्रूट स्वीटनर या गुड़ डालें. सभी चीजों को तब तक ब्लेंड करें जब तक मिश्रण एकदम स्मूद और क्रीमी न हो जाए.
अब करें केक को सेट
केक मोल्ड या किसी गहरी कटोरी में सबसे पहले मखाने और मेवों से तैयार किया हुआ मिश्रण डालें. इसे चम्मच की मदद से अच्छी तरह दबाएं, ताकि बेस मजबूती से सेट हो जाए.
अब इसके ऊपर तैयार क्रीमी छेना मिश्रण डालकर पूरे बेस पर समान रूप से फैला दें. ऊपर से बारीक कटे हुए पिस्ते डाल सकते हैं.
केक को कम से कम 4 से 5 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. अच्छी तरह सेट होने के बाद इसे बाहर निकालें और मनचाहे आकार में सर्व करें.
कान्हा के भोग के लिए तैयार है शाही केक
बस, बिना ओवन और बिना मैदे के आपका शाही केक तैयार है. जन्माष्टमी पर इसे कान्हा को भोग में चढ़ा सकते हैं और परिवार के साथ भी इस खास मिठाई का आनंद ले सकते हैं. केसर, इलायची और मेवों की वजह से इसका स्वाद काफी शाही और अलग होगा.