KNEWS DESK- आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, बिगड़ा लाइफस्टाइल और स्क्रीन टाइम बढ़ने के कारण लोगों की नींद पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। नींद की कमी अब सिर्फ थकान तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह हार्ट, दिमाग और इम्यून सिस्टम से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं की बड़ी वजह बनती जा रही है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, नींद इंसान की बुनियादी जरूरत है। इसकी कमी से तनाव, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट डिजीज और मानसिक समस्याओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। वहीं, पूरी और गहरी नींद शरीर की मरम्मत के साथ दिमाग को दोबारा एक्टिव करने का काम करती है।
हेल्दी लाइफ की चाबी है पूरी और सही नींद
नींद शरीर के लिए उतनी ही जरूरी है, जितनी सही डाइट और एक्सरसाइज। विशेषज्ञ बताते हैं कि अच्छी नींद लेने से शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है। नींद के दौरान शरीर सुरक्षात्मक साइटोकाइन, एंटीबॉडी और टी-कोशिकाएं बनाता है, जो संक्रमण और सूजन से बचाने में मदद करती हैं। नींद पूरी होने पर शरीर खुद को रिपेयर करता है और अंदरूनी सूजन भी कम होती है।यही वजह है कि डॉक्टर किसी भी बीमारी के इलाज के दौरान मरीज की नींद से जुड़े सवाल जरूर पूछते हैं।
नींद की कमी से बढ़ता है इनसोम्निया का खतरा
एक्सपर्ट्स के अनुसार, आजकल लोगों में नींद न आने की समस्या तेजी से बढ़ रही है, जिसे इनसोम्निया कहा जाता है। यह समस्या मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों को बुरी तरह प्रभावित करती है।
इनसोम्निया के कारण—
- किसी काम पर ध्यान केंद्रित करने में दिक्कत
- चिड़चिड़ापन और मानसिक तनाव
- लगातार थकान और शरीर में दर्द
- याददाश्त कमजोर होना
नींद पूरी न होने से किन बीमारियों का रहता है डर?
लंबे समय तक नींद की कमी कई खतरनाक बीमारियों को जन्म दे सकती है—
- डायबिटीज
- हाई ब्लड प्रेशर
- मोटापा
- हार्ट डिजीज
- मानसिक अवसाद और एंग्जायटी
इन बीमारियों से जूझ रहे लोगों को लंबे समय तक दवाओं पर निर्भर रहना पड़ता है और कई मामलों में समस्या पूरी तरह ठीक भी नहीं हो पाती।
किस उम्र में कितनी नींद जरूरी है? जानें एक्सपर्ट्स की राय
स्वस्थ रहने के लिए उम्र के अनुसार नींद लेना बेहद जरूरी है। एक्सपर्ट्स के अनुसार—
- 0 से 3 साल: 14–17 घंटे की नींद
- 4 से 12 साल: 9–12 घंटे की नींद
- 13 से 18 साल: 8–10 घंटे की नींद
- 18 से 64 साल: 7–9 घंटे की नींद
- 65 साल से अधिक: 7–8 घंटे की नींद
अच्छी नींद के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
अगर आपको जल्दी नींद नहीं आती है, तो ये आदतें मददगार साबित हो सकती हैं—
- सोने से कम से कम 2 घंटे पहले मोबाइल और स्क्रीन का इस्तेमाल बंद करें
- कमरे की तेज लाइट बंद रखें
- रात में भारी और तला-भुना खाना न खाएं
- रोज एक तय समय पर सोने और जागने की आदत डालें
- सोने से पहले हल्का संगीत या मेडिटेशन करें
पूरी और अच्छी नींद न सिर्फ आपको फिट रखती है, बल्कि कई गंभीर बीमारियों से भी बचाव करती है। इसलिए सेहतमंद रहने के लिए नींद को कभी नजरअंदाज न करें।