KNEWS DESK- फादर्स डे सिर्फ महंगे गिफ्ट देने का दिन नहीं है, बल्कि अपने पापा के साथ समय बिताकर उन्हें खास महसूस कराने का मौका भी है। अगर आप इस दिन को यादगार बनाना चाहते हैं, तो उनके लिए घर पर कुछ टेस्टी और आसान रेसिपीज जरूर ट्राई करें। आपकी मेहनत और प्यार उन्हें सबसे ज्यादा खुशी देगा।
स्वीट पोटैटो चीजी फ्राइज
अगर आपके पापा को क्रिस्पी स्नैक्स पसंद हैं, तो यह रेसिपी उनके लिए परफेक्ट है। शकरकंद को फ्राइज के आकार में काटकर घी और मसालों के साथ मिलाएं। इसके बाद इन्हें बेकिंग ट्रे में फैलाकर 200 डिग्री सेल्सियस पर करीब 25 मिनट तक बेक करें। जब ये सुनहरे और क्रिस्पी हो जाएं, तो ऊपर से चीज डालकर गरमा-गरम सर्व करें।
पोटैटो चीज शॉट्स

यह क्रिस्पी और चीजी स्नैक हर उम्र के लोगों को पसंद आता है। इसे बनाने के लिए उबले आलू, चीज, आटा, नमक, काली मिर्च और हरा धनिया मिलाकर मिश्रण तैयार करें। छोटे-छोटे बॉल्स बनाकर इन्हें गोल्डन ब्राउन होने तक डीप फ्राई करें। हरी चटनी के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
एमा दात्शी (भूटानी डिश)

अगर आपके पापा को तीखा और अलग स्वाद पसंद है, तो भूटान की यह पारंपरिक डिश उन्हें जरूर पसंद आएगी। जलेपीनो, हरी मिर्च, प्याज, लहसुन और टमाटर को हल्के मसालों के साथ पकाया जाता है। जब सब्जियां नरम हो जाएं, तो ऊपर से मक्खन डालकर गरमा-गरम सर्व करें।
चीजी बेक्ड पोटैटो
यह रेसिपी स्वाद और सादगी का बेहतरीन मेल है। आलू को ऑलिव ऑयल और नमक लगाकर बेक करें जब तक वे बाहर से क्रिस्पी और अंदर से नरम न हो जाएं। बीच से काटकर हल्का मैश करें और उसमें चीज, स्प्रिंग अनियन, सॉर क्रीम और मसाले डालकर सर्व करें।
फादर्स डे को बनाएं खास
इस फादर्स डे पर अपने पापा के साथ मिलकर खाना बनाएं और उन्हें प्यार भरा सरप्राइज दें। छोटे-छोटे प्रयास भी रिश्तों को और मजबूत बना देते हैं और यह दिन हमेशा यादगार बन जाता है।