बिना पासपोर्ट-वीजा के विदेश जैसा अनुभव! भारत की ये 5 जगहें देती हैं स्विट्जरलैंड और न्यूजीलैंड जैसा अनुभव

KNEWS DESK- विदेश घूमने का सपना हर किसी का होता है, लेकिन पासपोर्ट, वीजा और भारी खर्च कई बार इस सपने को रोक देते हैं। अच्छी बात यह है कि भारत में ही ऐसी कई जगहें मौजूद हैं, जहां पहुंचकर आपको स्विट्जरलैंड, न्यूजीलैंड और यूरोप जैसे देशों जैसा नजारा देखने को मिल सकता है—वो भी बिना किसी वीजा और बड़े बजट के।

अगर आप इस साल किसी खास ट्रिप की प्लानिंग कर रहे हैं, तो ये 5 डेस्टिनेशन आपकी लिस्ट में जरूर शामिल होनी चाहिए।

मणिपुर की लोकटक झील

मणिपुर की लोकटक झील भारत की सबसे अनोखी झीलों में से एक है। इसे दुनिया की एकमात्र ऐसी झील माना जाता है, जहां पानी के ऊपर प्राकृतिक घास और मिट्टी के तैरते द्वीप पाए जाते हैं, जिन्हें ‘फुमडी’ कहा जाता है। यहां बने छोटे-छोटे घर और शांत वातावरण किसी जादुई दुनिया जैसा अनुभव कराते हैं।

उत्तराखंड की फूलों की घाटी

वैली ऑफ फ्लावर्स राष्ट्रीय उद्यान मानसून के दौरान किसी रंगीन कालीन जैसा दिखता है। यहां सैकड़ों दुर्लभ और जंगली फूल खिलते हैं, जो इसे बेहद खास बनाते हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच फैली यह घाटी ट्रेकिंग और नेचर लवर्स के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है।

सिक्किम की युमथांग घाटी

युमथांग घाटी अपनी हरियाली, शांत वातावरण और पहाड़ों के बीच बहते झरनों के लिए मशहूर है। यहां याक के झुंड और खुली घाटियां आपको न्यूजीलैंड की याद दिलाती हैं। यह जगह खासकर फोटोग्राफी और नेचर ट्रिप के लिए बेहद लोकप्रिय है।

मेघालय का मावलिननॉन्ग

मावलिननॉन्ग को एशिया का सबसे स्वच्छ गांव माना जाता है। यहां साफ-सुथरी गलियां, बांस के बने स्काईवॉक और फूलों से सजे घर इसे एक मिनी यूरोपियन विलेज जैसा लुक देते हैं। यह गांव पर्यटकों के लिए एक अनोखा अनुभव प्रदान करता है।

केरल का अथिरापल्ली जलप्रपात

घने जंगलों के बीच स्थित अथिरापल्ली वॉटरफॉल को ‘भारत का नियाग्रा’ भी कहा जाता है। विशाल जलधारा, गूंजती आवाज और हरा-भरा वातावरण इसे बेहद आकर्षक बनाते हैं। यह जगह फिल्म शूटिंग के लिए भी काफी लोकप्रिय है।

भारत में ही ऐसी कई जगहें मौजूद हैं, जो प्राकृतिक सुंदरता और अनोखे अनुभव के कारण विदेश जैसा अहसास कराती हैं। अगर आप कम बजट में एक यादगार और अलग ट्रिप चाहते हैं, तो ये 5 डेस्टिनेशन आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में जरूर होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *