KNEWS DESK- सिरदर्द एक आम समस्या है, लेकिन अगर यह बार-बार हो रहा है तो इसकी वजह को समझना जरूरी है। डिहाइड्रेशन, गैस और एसिडिटी से लेकर माइग्रेन, सर्वाइकल, आंखों की समस्या, तनाव और नींद की कमी तक कई कारण सिरदर्द की वजह बन सकते हैं।
सिरदर्द की समस्या कभी थकान, तनाव या नींद पूरी न होने की वजह से होती है, तो कई बार मौसम में बदलाव, शरीर में पानी की कमी या लंबे समय तक स्क्रीन देखने से भी सिर दर्द हो सकता है। हालांकि, अगर आपको बार-बार सिरदर्द हो रहा है और इसकी वजह समझ नहीं आ रही है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टर शालिनी सिंह सुलांके के अनुसार, सिरदर्द की समस्या के पीछे कई कारण हो सकते हैं। ऐसे में बिना वजह जाने हर बार सिरदर्द की दवा लेना सही नहीं माना जाता है। आइए जानते हैं किन वजहों से बार-बार सिरदर्द हो सकता है।
शरीर में पानी की कमी
कम पानी पीने से शरीर में डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है और इसका एक लक्षण सिरदर्द भी है। खासकर गर्म मौसम में या ज्यादा पसीना निकलने के बाद शरीर में पानी की कमी होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। अगर पानी की कमी की वजह से सिरदर्द हो रहा है, तो शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखने पर राहत मिल सकती है।
गैस और एसिडिटी की समस्या
गैस और एसिडिटी की परेशानी भी सिरदर्द से जुड़ी हो सकती है। गैस होने पर बेचैनी महसूस हो सकती है और कई बार कुछ खाने का मन भी नहीं करता। ऐसी स्थिति में सिर्फ सिरदर्द पर ध्यान देने के बजाय गैस और एसिडिटी की समस्या पर भी ध्यान देना जरूरी है। बिना कारण जाने बार-बार सिरदर्द की दवा लेना नुकसानदायक हो सकता है।
माइग्रेन या सर्वाइकल
अगर सिरदर्द के साथ तेज रोशनी या आवाज से परेशानी, जी मिचलाना या उल्टी जैसी समस्या होती है, तो यह माइग्रेन से जुड़ा हो सकता है। वहीं, सर्वाइकल की समस्या में भी सिरदर्द हो सकता है। इसमें अक्सर सिर के एक हिस्से में ज्यादा दर्द महसूस हो सकता है। हालांकि, इसके लक्षण हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं।
रिफ्रैक्शन एरर भी हो सकता है कारण
आंखों से जुड़ी रिफ्रैक्शन एरर की समस्या में भी सिरदर्द हो सकता है। इस स्थिति में पास की चीजें दिखाई दे सकती हैं, लेकिन दूर की चीजों को पहचानने में परेशानी हो सकती है। आंखों पर ज्यादा जोर पड़ने की वजह से सिरदर्द की समस्या शुरू हो सकती है। अगर लगातार सिरदर्द के साथ देखने में परेशानी हो रही है, तो आंखों की जांच कराना जरूरी हो सकता है।
स्ट्रेस और नींद पूरी न होना
लगातार तनाव में रहने से सिर की मांसपेशियों में खिंचाव बढ़ सकता है, जिससे सिरदर्द महसूस हो सकता है। इसके अलावा पर्याप्त नींद न लेने से भी दिनभर थकान और सिरदर्द की शिकायत हो सकती है। ऐसे में शरीर को पर्याप्त आराम देना और नींद पूरी करना जरूरी है। अगर सिरदर्द लगातार बना रहता है या बार-बार होता है, तो इसकी वजह जानने के लिए डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।