मंगलुरु स्थित MRPL रिफाइनरी परिसर में बुधवार को जोरदार धमाका होने से आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। धमाके के बाद आसमान में काले धुएं का घना गुबार दिखाई दिया। राहत और बचाव के लिए फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
Knews Desk– कर्नाटक के मंगलुरु में मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) के परिसर में बुधवार को जोरदार धमाका हुआ। MRPL रिफाइनरी मंगलुरु के जोकट्टे इलाके के पास स्थित है। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। पनाम्बुर, कावूर, सुरथकल और जोकट्टे समेत आसपास के कई इलाकों में मकानों में कंपन महसूस किया गया। अचानक हुए धमाके से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
धमाके के बाद रिफाइनरी और उसके आसपास के आसमान में काले धुएं का भारी गुबार दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। आग पर काबू पाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 5 फायर टेंडर और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें MRPL परिसर में भेजी गईं।
किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए कई एम्बुलेंस भी MRPL परिसर में पहुंचाई गईं। घायल या झुलसे लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए एहतियाती इंतजाम किए गए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर स्थिति की निगरानी कर रही हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि धमाका रिफाइनरी की किस यूनिट में हुआ और इसकी मुख्य वजह क्या है। कंपनी प्रबंधन और पुलिस की ओर से घटना के कारणों के साथ-साथ नुकसान और संभावित हताहतों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।