झारखंड में दिल दहला देने वाली वारदात, गुमला में मां ने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत

डिजिटल डेस्क- झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक मां ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ घर के पास स्थित कुएं में कूदकर जान दे दी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव कुएं से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में मातम पसरा हुआ है। मृतिका की पहचान मनातू गांव निवासी जगन्नाथ उरांव की पत्नी परदेशनी कुमारी और बच्चों की पहचान 5 वर्षीय अंश उरांव व 4 वर्षीय आशमानी कुमारी के रूप में हुई है।

कपड़े धोने की बात कहकर निकली थी मां, कुएं के पास मिले कपड़े

परिजनों के मुताबिक, बुधवार को परदेशनी कुमारी अपने दोनों बच्चों को लेकर यह कहकर घर से निकली थीं कि वह कुएं पर नहाने और कपड़े धोने जा रही हैं। जब काफी देर तक वे वापस नहीं लौटे, तो घरवालों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के एक कुएं के पास बच्चों के कपड़े दिखाई दिए। ग्रामीणों ने जब शक होने पर कुएं के भीतर झांककर देखा, तो वहां तीनों के शव तैर रहे थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

मानसिक बीमारी से जूझ रही थी महिला, पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही घाघरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतिका के परिजनों ने बताया कि परदेशनी पिछले कई महीनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि इसी अवसाद के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है ताकि मौत की सही वजह साफ हो सके।

पूर्व की घटनाओं ने ताजा की पुरानी यादें

इस हृदयविदारक घटना ने ग्रामीणों को सदमे में डाल दिया है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गौरतलब है कि झारखंड में ऐसी दर्दनाक घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले लोहरदगा जिले के हुदू गांव में भी एक महिला ने अपने तीन नाबालिग बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी थी। गुमला की इस हालिया घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *