JK: नौशेरा में मंडराते दिखे पाकिस्तानी ड्रोन, भारतीय सेना ने काउंटर-ड्रोन सिस्टम से खदेड़ा

जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि सामने आने के बाद भारतीय सेना अलर्ट हो गई। सेना ने तुरंत काउंटर-ड्रोन सिस्टम सक्रिय किया और भारतीय सीमा में दाखिल हुए ड्रोन को वापस पाकिस्तानी इलाके की ओर जाने पर मजबूर कर दिया।

Knews Desk– जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि का पता लगाया। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम नौशेरा सेक्टर के रुमलीधारा इलाके में कई ड्रोन भारतीय सीमा की तरफ आते दिखाई दिए। इनमें से कम से कम तीन ड्रोन भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे।

भारतीय सेना के जवानों ने ड्रोन की गतिविधि पर तुरंत नजर रखी और सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय कर दिया। जैसे ही ड्रोन भारतीय हवाई क्षेत्र में दिखाई दिए, सेना ने काउंटर-ड्रोन सिस्टम का इस्तेमाल किया। कार्रवाई के बाद इन ड्रोन को भारतीय सीमा से वापस पाकिस्तानी क्षेत्र की ओर खदेड़ दिया गया।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से सीमा पर निगरानी और जासूसी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किए जाने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इन ड्रोन के जरिए भारतीय सैन्य ठिकानों, जवानों की तैनाती और संवेदनशील इलाकों की जानकारी जुटाने की कोशिश की जाती है।

इससे पहले 31 जुलाई को जम्मू के खौर सेक्टर में भी पाकिस्तान की ओर से आए एक सर्विलांस ड्रोन को भारतीय सेना ने मार गिराया था। यह ड्रोन नियंत्रण रेखा के पास भारतीय सेना के महत्वपूर्ण ठिकानों के आसपास उड़ रहा था। कार्रवाई के बाद ड्रोन की जांच में 64 जीबी का मेमोरी कार्ड बरामद हुआ था।

जांच में सामने आया था कि ड्रोन चीन में निर्मित सर्विलांस UAV था, जिसमें एडवांस्ड नेविगेशन और ऑब्जेक्ट रिकग्निशन जैसी तकनीक मौजूद थी। सेना के मुताबिक, इसका इस्तेमाल सीमा के आसपास भारतीय सैन्य गतिविधियों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी के लिए किया जा सकता था।

नौशेरा में ताजा ड्रोन गतिविधि के बाद सीमा पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सतर्क कर दिया गया है। भारतीय सेना लगातार सीमा क्षेत्र में ड्रोन समेत किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *