KNEWS DESK- अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में स्थित हिल्टन होटल में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हमलावर को हिरासत में ले लिया है। इस घटना के वक्त वहां अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मौजूद थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया के टॉरेंस का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सुरक्षाकर्मियों ने उसे जमीन पर पेट के बल लिटाकर काबू में किया हुआ है।
जांच एजेंसी Federal Bureau of Investigation (FBI) के मुताबिक, हमलावर के पास शॉटगन थी और उसने सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसने United States Secret Service के एक एजेंट पर फायरिंग कर दी। राहत की बात यह रही कि एजेंट ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे वह सुरक्षित बच गया।
घटना के बाद पूरे होटल परिसर और डिनर हॉल में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षाबलों ने हर कोने की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि कोई अन्य खतरा मौजूद न हो। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ट्रंप और फर्स्ट लेडी Melania Trump पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हमले के बाद ट्रंप ने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई और बहादुरी की सराहना की। उन्होंने बताया कि संदिग्ध के पास एक से अधिक हथियार थे और उसने सुरक्षा चेकपॉइंट पर हमला करने की कोशिश की थी। साथ ही, ट्रंप ने हमलावर को “मानसिक रूप से अस्थिर” करार दिया।
फिलहाल, मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद हमलावर हथियार लेकर अंदर कैसे पहुंचा। यह घटना एक बार फिर हाई-प्रोफाइल कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।