KNEWS DESK- Iran और United States के बीच सीजफायर के बीच ईरान की आंतरिक स्थिति को लेकर एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। ब्रिटिश अखबार The Times ने खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि ईरान के सर्वोच्च नेता Mojtaba Khamenei गंभीर रूप से बीमार हैं और शासन चलाने में असमर्थ हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई इस समय बेहोश हैं और उनका इलाज Qom में चल रहा है। बताया जा रहा है कि वे किसी भी अहम फैसले में भाग लेने की स्थिति में नहीं हैं, जिससे ईरान की सत्ता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह जानकारी अमेरिकी और इजरायली खुफिया एजेंसियों पर आधारित एक डिप्लोमेटिक मेमो से सामने आई है। मेमो में उनकी हालत को “बेहद गंभीर” बताया गया है। हालांकि, ईरान सरकार की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 28 फरवरी को United States और Israel के हमलों में खामेनेई परिवार को बड़ा नुकसान हुआ था। इस हमले में उनके पिता Ali Khamenei समेत परिवार के कई सदस्यों की मौत हो गई थी, जबकि मोजतबा खुद भी घायल हुए थे।
तब से उनकी कोई सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज नहीं की गई है। ईरानी सरकारी मीडिया समय-समय पर उनके नाम से बयान जारी करती रही है, लेकिन उनकी ताज़ा तस्वीर या वीडियो सामने नहीं आई।
खुफिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि Qom में अली खामेनेई के लिए एक बड़े मकबरे की तैयारी चल रही है, जिसमें परिवार के अन्य सदस्यों को भी दफनाया जा सकता है। कोम शिया मुसलमानों का एक प्रमुख धार्मिक केंद्र माना जाता है, इसलिए इस खबर ने और भी ध्यान खींचा है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर मोजतबा खामेनेई फैसले लेने में सक्षम नहीं हैं, तो देश की कमान किसके हाथ में है? रिपोर्ट्स के मुताबिक, Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) और कुछ वरिष्ठ धार्मिक नेता फिलहाल ज्यादा ताकत संभाल रहे हैं।
सीजफायर के इस संवेदनशील दौर में ईरान के भीतर नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता क्षेत्रीय और वैश्विक राजनीति पर बड़ा असर डाल सकती है। आने वाले दिनों में यह साफ होगा कि ईरान की सत्ता संरचना किस दिशा में आगे बढ़ती है।