ईरान का कुवैत पर बड़ा हमला, मिसाइल स्ट्राइक में भारतीय नागरिक की जान गई

KNEWS DESK- मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है और इसका असर अब सीधे आम नागरिकों, खासकर विदेशों में काम कर रहे भारतीयों पर भी पड़ने लगा है। ताजा घटना में ईरान द्वारा कुवैत के एक बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र को निशाना बनाकर किए गए हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई है, जिससे क्षेत्र में तनाव और गहरा गया है।

बताया जा रहा है कि यह हमला 29 मार्च की शाम को हुआ, जब मिसाइलों ने संयंत्र की सर्विस बिल्डिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में मौके पर मौजूद भारतीय नागरिक की जान चली गई, जबकि इमारत को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि करते हुए इसे ईरानी आक्रामकता करार दिया।

मंत्रालय की प्रवक्ता इंजीनियर फातिमा अब्बास जौहर हयात के अनुसार, जैसे ही हमले की सूचना मिली, आपातकालीन और तकनीकी टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं और स्थिति को नियंत्रण में लेने का काम शुरू किया गया। फिलहाल यह साफ नहीं है कि इस हमले का बिजली और पानी की आपूर्ति पर कितना असर पड़ा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य तेजी से जारी है और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और उसके व्यापक प्रभावों को उजागर कर दिया है। ईरान और इजरायल के बीच चल रहे टकराव के चलते पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ती जा रही है, जिसका खामियाजा वहां काम कर रहे विदेशी नागरिकों को भी भुगतना पड़ रहा है। कुवैत जैसे देशों में बड़ी संख्या में भारतीय विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

हालांकि, इस घटना पर अभी तक भारत के विदेश मंत्रालय या कुवैत स्थित भारतीय दूतावास की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन हालात को देखते हुए भारत सरकार पूरी तरह सतर्क है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्पष्ट किया था कि विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित वापस लाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालात यह संकेत दे रहे हैं कि अगर जल्द ही तनाव कम नहीं हुआ, तो इसका असर और व्यापक हो सकता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति बहाली के प्रयासों की आवश्यकता पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *