जंग के माहौल में ईरान ने चुना नया सुप्रीम लीडर, सुरक्षा कारणों से नाम का ऐलान टला

KNEWS DESK – ईरान में नए सुप्रीम लीडर के चयन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक उनके नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। यह फैसला देश की सबसे शक्तिशाली धार्मिक संस्था असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने लिया है, जो 88 सदस्यों की एक परिषद है और वही ईरान के सर्वोच्च नेता का चुनाव करती है।

परिषद के सदस्य आयतुल्लाह मोहम्मदमेहदी मीरबाकेरी ने रविवार को कहा कि नए सुप्रीम लीडर के नाम पर ज्यादातर सदस्यों की सहमति बन चुकी है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम घोषणा से पहले कुछ जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जानी बाकी हैं।

आधिकारिक घोषणा में क्यों हो रही देरी

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिषद के सदस्य इस बात पर मतभेद में हैं कि नए सुप्रीम लीडर की घोषणा किस तरीके से की जाए। कुछ सदस्य चाहते हैं कि सभी सदस्य आमने-सामने बैठकर औपचारिक बैठक में फैसला लें, जबकि कुछ का मानना है कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए बिना बैठक के ही फैसला घोषित कर देना चाहिए।

परिषद के सदस्य अयातुल्ला मोहसिन हेदरी अलेकासिर ने कहा कि मौजूदा हालात असाधारण हैं और बड़ी बैठक आयोजित करने से दुश्मनों को हमला करने का मौका मिल सकता है। उनका कहना है कि ऐसा कोई भी कदम ईरान की क्रांति के लिए खतरा बन सकता है।

युद्ध के बीच बढ़ी सुरक्षा चिंता

दरअसल, 28 फरवरी से जारी संघर्ष के दौरान ईरान के कई वरिष्ठ अधिकारी और सैन्य कमांडर मारे जा चुके हैं। इन्हीं हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की भी मौत हो गई थी।

दूसरी ओर, इजराइल ने चेतावनी दी है कि खामेनेई के हर संभावित उत्तराधिकारी को निशाना बनाया जाएगा। इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) का कहना है कि उत्तराधिकारी चुनने की प्रक्रिया में शामिल किसी भी व्यक्ति को निशाना बनाया जा सकता है।

हमलों में परिषद की इमारत भी नष्ट

ईरानी मीडिया के मुताबिक, हवाई हमलों के दौरान कोम शहर में असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स से जुड़ी एक इमारत भी नष्ट हो गई थी। परिषद के दो सदस्यों अयातुल्ला मोहसिन हेदरी अलेकासिर और अहमद अलमोल्होदा ने दावा किया है कि नया सुप्रीम लीडर पहले ही चुना जा चुका है और जल्द ही परिषद के चीफ सेक्रेटरी अयातुल्ला हाशेम होसैनी बुशेहरी इसकी आधिकारिक घोषणा करेंगे।

मोजतबा खामेनेई का नाम सबसे आगे

नए सुप्रीम लीडर की दौड़ में मोजतबा खामेनेई का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई, दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे हैं।

उन्हें कट्टरपंथी धर्मगुरु माना जाता है और इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के साथ उनके करीबी संबंध बताए जाते हैं। हालांकि उन्होंने कभी कोई बड़ा सरकारी पद नहीं संभाला, लेकिन लंबे समय से उन्हें अपने पिता का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *