भारत ने बदले व्यापार नियम, बांग्लादेश से नॉर्थ ईस्ट लैंड पोर्ट के जरिए कई उत्पादों के इम्पोर्ट पर रोक

KNEWS DESK-  भारत सरकार ने बांग्लादेश के साथ व्यापार संबंधों में बड़ा बदलाव करते हुए शनिवार को नए नियमों की घोषणा की है। नार्थ ईस्ट क्षेत्र के सभी लैंड पोर्ट्स से बांग्लादेश से आने वाले कई उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इन उत्पादों में फल, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स, प्रोसेस्ड फूड, कॉटन, प्लास्टिक और लकड़ी के फर्नीचर शामिल हैं। यह आदेश भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन आने वाले विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) द्वारा जारी अधिसूचना के तहत लागू किया गया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

नोटिफिकेशन में कहा गया है कि बांग्लादेश से आने वाले रेडीमेड वस्त्र (Ready-made Garments) अब केवल न्हावा शेवा (जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट, मुंबई) और कोलकाता पोर्ट के जरिए ही आयात किए जा सकेंगे। बाकी सभी लैंड कस्टम्स स्टेशन (LCS) और इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) से रेडीमेड कपड़ों के आयात पर रोक लगा दी गई है।

हालांकि सरकार ने कुछ जरूरी वस्तुओं को इन प्रतिबंधों से छूट दी है। इन वस्तुओं में मछली, तरल पेट्रोलियम गैस (LPG), खाद्य तेल (Edible Oil) और क्रस्ट स्टोन शामिल हैं। इनका आयात पूर्वोत्तर भारत के लैंड पोर्ट्स के जरिए पूर्ववत जारी रहेगा। यह प्रतिबंध असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल के चंगराबंधा और फुलबाड़ी में स्थित लैंड पोर्ट्स और इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर लागू होगा। हालांकि यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह प्रतिबंध भारत के रास्ते नेपाल और भूटान जाने वाले बांग्लादेशी माल पर लागू नहीं होंगे।

क्यों लिया गया यह फैसला?

बताया जा रहा है कि भारतीय एक्सपोर्टर्स लंबे समय से इस तरह के आयात पर लगाम लगाने की मांग कर रहे थे, ताकि घरेलू उद्योग को सस्ती आयातित वस्तुओं से बचाया जा सके।

गौरतलब है कि बांग्लादेश ने वर्ष 2023 में 38 अरब डॉलर के रेडीमेड कपड़े आयात किए थे, जिनमें से करीब 700 मिलियन डॉलर का इम्पोर्ट भारत को किया गया था। इसमें 93% हिस्सा नॉर्थ ईस्ट के लैंड पोर्ट्स के जरिए भारत में पहुंचा था। इससे पहले 9 अप्रैल 2025 को भारत सरकार ने बांग्लादेश को दी गई ट्रांस-शिपमेंट सुविधा भी वापस ले ली थी। इस सुविधा के अंतर्गत बांग्लादेश भारतीय बंदरगाहों और दिल्ली एयरपोर्ट का उपयोग करके अपने उत्पादों को मिडिल ईस्ट और यूरोप भेज सकता था।

ये भी पढ़ें-  ‘वो तो मेरा बॉयफ्रेंड…’, यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की कॉल डिटेल से पता चला सच, हुआ बड़ा खुलासा