Microscan और FishHub से अमेरिका समेत कई देशों पर साइबर हमला, FBI ने चीनी हैकर्स के दो टूल किए सीज

अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने चीन से जुड़े हैकिंग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए Microscan और FishHub नाम के दो टूल सीज किए हैं। इनका इस्तेमाल अमेरिका समेत कई देशों की बिजली कंपनियों, एयरपोर्ट, विश्वविद्यालयों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के कंप्यूटर नेटवर्क को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा था।

Knews Desk– अमेरिकी जांच एजेंसी FBI और न्याय विभाग ने गुरुवार को बताया कि ये दोनों टूल Flax Typhoon नाम के हैकिंग ग्रुप से जुड़े थे। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस समूह के संबंध चीन सरकार से हैं। जांच एजेंसियों का आरोप है कि इन टूल्स की मदद से हैकर्स ने कई देशों के महत्वपूर्ण डिजिटल नेटवर्क में सेंध लगाने की कोशिश की।

Microscan का इस्तेमाल कंप्यूटर नेटवर्क को स्कैन करने और उनमें मौजूद कमजोरियों का पता लगाने के लिए किया जाता था। इससे हैकर्स ऐसे सिस्टम की पहचान कर सकते थे, जिन्हें साइबर हमले के लिए निशाना बनाया जा सकता था। जांच के मुताबिक, इस टूल के जरिए अमेरिका की एक बिजली कंपनी के अलावा जापान और पोलैंड के एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया। ताइवान के एक विश्वविद्यालय, जरूरी सेवाएं देने वाली कंपनियों और एक अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन पर भी खतरा पैदा हुआ।

दूसरा टूल FishHub था, जिसका इस्तेमाल फिशिंग और कंप्यूटर नेटवर्क तक अनधिकृत पहुंच बनाने के लिए किया जाता था। FBI के मुताबिक, इस टूल की मदद से हैकर्स दूर बैठे-बैठे दूसरे लोगों और संस्थानों के नेटवर्क तक पहुंच बना सकते थे। इससे संवेदनशील डिजिटल सिस्टम में घुसपैठ करने और साइबर गतिविधियों को अंजाम देने का जोखिम बढ़ जाता था।

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इन टूल्स के पीछे चीन की Integrity Technology Group नाम की कंपनी की भूमिका सामने आई है। यह कंपनी चीन सरकार के साथ अनुबंधों पर काम करती है। FBI का आरोप है कि कंपनी Flax Typhoon हैकिंग ग्रुप से जुड़ी गतिविधियों में शामिल थी।

इससे पहले सितंबर 2024 में भी FBI ने Flax Typhoon से जुड़े एक बड़े हैकिंग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की थी। उस समय हैकर्स ने दो लाख से अधिक कैमरों, वीडियो रिकॉर्डर और घरों तथा कार्यालयों में इस्तेमाल होने वाले इंटरनेट राउटर में खतरनाक सॉफ्टवेयर डाल दिया था। ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल लोगों की निजी और संवेदनशील जानकारी चुराने सहित अन्य साइबर अपराधों के लिए किया जा सकता था।

FBI अधिकारी जेसन बिलनोस्की ने इस हैकिंग अभियान को खतरनाक बताते हुए कहा कि एजेंसी हैकर्स के नेटवर्क, वित्तीय संसाधनों और उनके इस्तेमाल किए जाने वाले टूल्स को निशाना बना रही है। अधिकारियों के मुताबिक, Microscan और FishHub को निष्क्रिय कर दिया गया है।

वहीं, अधिकारी ब्रेट लैली ने कहा कि अब इस बात पर नजर रखी जाएगी कि संबंधित चीनी कंपनी दोबारा अपना हैकिंग नेटवर्क स्थापित करने की कोशिश करती है या नहीं। FBI की इस कार्रवाई का उद्देश्य साइबर हमलों के बुनियादी ढांचे को कमजोर करना और महत्वपूर्ण संस्थानों के डिजिटल नेटवर्क की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *