डिजिटल डेस्क- हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। चंबा के चुराह उपमंडल के अंतर्गत आने वाले नकरोड़-हिमगिरि मार्ग पर देर रात एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़कते हुए सीधे बैरा स्यूल नदी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। रात के अंधेरे में हुए इस हादसे की भनक स्थानीय लोगों और प्रशासन को सुबह लगी, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
रात के सन्नाटे में हुआ हादसा, सुबह नदी के पास मिले निशान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा नकरोड़-हिमगिरि मार्ग पर डैम साइड के नजदीक पेश आया। दुर्घटनाग्रस्त ऑल्टो कार (पंजीकरण संख्या: HP44A 0494) में चार लोग सवार थे। देर रात पहाड़ी रास्ते पर नियंत्रण खोने के कारण कार सीधे उफनती नदी में समा गई। चूंकि हादसा रात के सन्नाटे में हुआ, इसलिए मौके पर किसी को इसकी भनक नहीं लग सकी। रविवार सुबह जब स्थानीय लोग वहां से गुजरे और उन्होंने नदी के पास वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के निशान देखे, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
टिकरीगढ़ पंचायत के रहने वाले थे मृतक, तेज बहाव के बीच रेस्क्यू जारी
हादसे की सूचना मिलते ही तीसा पुलिस थाना प्रभारी और दमकल विभाग की टीमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। नदी का बहाव बेहद तेज होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य (Resue Operation) में टीमों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए चारों लोग चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत टिकरीगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
शवों को निकालने और पहचान की कोशिश में जुटी पुलिस
हालांकि, मृतकों की सटीक पहचान और यह वाहन असल में किसका है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। तीसा थाना पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से शवों को नदी के तेज बहाव से बाहर निकालने और उनके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश में लगातार जुटी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।