गुरुग्राम में 100 रुपये के लिए रिटायर्ड शिक्षिका की हत्या, चोरी करने घुसे आरोपी ने पूछताछ में खोले राज

गुरुग्राम की न्यू कॉलोनी में 75 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका मधु शर्मा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि चोरी के इरादे से घर में घुसे शख्स ने महिला से 100 रुपये मांगे और विरोध करने पर उनकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी सूरज गुप्ता को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Knews Desk– हरियाणा के गुरुग्राम में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्यू कॉलोनी में रहने वाली 75 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका मधु शर्मा की रविवार रात गला दबाकर हत्या कर दी गई। वह मदर डेयरी के पास मकान नंबर 180 में अकेली रहती थीं। करीब 15 साल पहले सेवानिवृत्त हुईं मधु शर्मा के पति का भी 10 साल पहले निधन हो चुका था।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी चोरी करने के इरादे से महिला के घर में दाखिल हुआ था। वह उनके बैग में नकदी और कीमती सामान तलाश रहा था। इसी दौरान मधु शर्मा की नजर उस पर पड़ गई। महिला ने चोरी का विरोध किया तो आरोपी ने उनसे 100 रुपये मांगे। इसके बाद महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें धक्का दिया और फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। पड़ोसियों ने महिला की चीखें सुनीं, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

छत के रास्ते भागकर छिपा आरोपी

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में उनके घर के पास इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि लोगों को देखकर आरोपी घर की छत के रास्ते दूसरे मकान में उतर गया और वहां छिप गया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की। करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज गुप्ता के रूप में हुई है।

पूछताछ में कबूली हत्या की बात

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है और निर्माणाधीन मकानों में सरिया बांधने का काम करता है। पूछताछ के दौरान उसने महिला की गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। आरोपी के नशे का आदी होने की आशंका भी जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी नकदी और कीमती सामान चुराने के मकसद से महिला के घर में घुसा था। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी घर में कैसे दाखिल हुआ और घटना के दौरान क्या-क्या हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *