CM मनोहर लाल खट्टर का बड़ा ऐलान, कहा- ‘हरियाणा में जल्द पूरी होगी 60 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया’

KNEWS DESK- हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने बीते सोमवार को राज्य के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया| उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 60 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी होगी| सीएम खट्टर ने यहां सांसद धर्मबीर सिंह के आवास पर संवाददाताओं से कहा कि सबसे पहले समूह ‘सी’ की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उसके बाद समूह ‘डी’ की| उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में समान विकास किया है|

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा- पारदर्शी ढंग से और अंत्योदय की भावना पर चलते हुए पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है| इससे गरीबों को बिना मांगे उनका हक मिला है| उन्होंने दावा किया कि इन जनकल्याणकारी योजनाओं और जनहित के कार्य के चलते केंद्र और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी| अबकी बार लोकसभा और विधानसभा में पहले से भी अधिक सीटें मिलेंगी|

अयोध्या में श्रीरामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूछे गये सवालों पर सीएम मनोहर लाल ने कहा, श्रीराम देश की आस्था हैं और हमारी आत्मा हैं| श्रीराम के नाम पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए, जो श्रीराम का नहीं वो किसी का भी नहीं| मुख्यमंत्री यहां भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौ. धर्मबीर सिंह के महम मार्ग स्थित आवास पर पहुंचे थे और उन्होंने सिंह के पिता के निधन पर शोक जताया|

About Post Author