डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ महज ‘कूड़ा फेंकने’ जैसी छोटी सी रंजिश ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ उजाड़ दीं। सूरजपुर थाना क्षेत्र के साकीपुर गांव में मंगलवार देर रात एक युवक की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान साजन के रूप में हुई है, जो शादी समारोह से अपने घर लौट रहा था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साकीपुर निवासी साजन मंगलवार रात करीब 12:30 बजे अपने दोस्तों के साथ एक शादी समारोह में शिरकत कर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह अपने घर के करीब पहुँचा, रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे उसके पड़ोसी मंगेश और उसके तीन साथियों ने उसे घेर लिया। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपियों ने साजन को रोककर बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज होने लगी और नशे में धुत आरोपियों ने अपना आपा खो दिया।
तीन गोलियों से छलनी किया सीना
विवाद के दौरान मंगेश ने अचानक हथियार निकालकर साजन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। साजन को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में तीन गोलियां लगीं, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में साजन को पास के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश और नशे का घातक मेल
डीसीपी सेंट्रल नोएडा, शैलेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश निकलकर सामने आई है। मृतक साजन और आरोपी मंगेश के परिवारों के बीच काफी समय से घर के बाहर कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि घटना के वक्त आरोपी नशे की हालत में थे, जिसने आग में घी का काम किया और मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और गांव में तनाव
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मंगेश, वीर सिंह, वीरवती और श्रीपाल समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें बनाई गई हैं जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।