Knews Desk – ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के पास स्थित सेक्टर-168 की लोटस जिंग सोसाइटी में पिछले पांच दिनों से गहरा जल संकट बना हुआ है। पानी की किल्लत के कारण करीब 1000 फ्लैटों में रहने वाले 3000 से अधिक लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पीने के पानी से लेकर नहाने, खाना बनाने और अन्य जरूरी कामों के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि पानी की सप्लाई लगातार बाधित रहने से उन्हें टैंकरों पर निर्भर होना पड़ रहा है। कई परिवारों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए रिश्तेदारों और दोस्तों के घर जाना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने अस्थायी रूप से होटल और गेस्ट हाउस में ठहरना भी शुरू कर दिया है ताकि उन्हें पानी की समस्या से राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी की मोटर और पाइपलाइन में तकनीकी खराबी के चलते सभी टावरों तक पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं पहुंच पा रही है। कई फ्लैटों में पानी बेहद कम मात्रा में पहुंच रहा है, जिसके कारण लोगों को बाल्टियों में पानी जमा करना पड़ रहा है। निवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार सोसाइटी प्रबंधन और संबंधित विभागों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
पानी की कमी को पूरा करने के लिए लगातार टैंकर मंगाए जा रहे हैं, लेकिन जरूरत के मुकाबले उनकी संख्या कम पड़ रही है। टैंकर आते ही पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ जुट जाती है, जिससे अफरा-तफरी जैसे हालात बन जाते हैं।
वहीं, जल विभाग और सोसाइटी प्रबंधन का कहना है कि जलाशय की एक मोटर खराब होने और पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं मिलने के कारण यह समस्या पैदा हुई। अधिकारियों के मुताबिक मोटर को ठीक कर दिया गया है और जल्द ही सभी टावरों में पानी की सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद है।